
सड़क निर्माण में मची लूट से मानक की उड़ी धज्जियां, नगरवासियों में आक्रोश
एसडीएम ने किया निरीक्षण जेई व ठेकेदार को किया तलब
दुद्धी,सोनभद्र : प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत दुद्धी तहसील तिराहे से धनौरा,जपला,रन्नू,महुअरिया को जोड़ने वाली साढ़े तीन करोड़ की लागत से बनी सड़क में मची लूट ने मानक की धज्जियां उड़ाकर रख दी। शुक्रवार की रात में बनी सड़क गुरुवार की सुबह ही उखड़ने लगी। जिससे नगरवासियों में आक्रोश भड़क उठा।मौके पर पहुंचे एसडीएम ने घटिया निर्माण के बाबत जेई व ठेकेदार को तलब किया है।

निर्माणाधीन सड़क से शुक्रवार की शाम तक धूल फांक रहे लोगों का शनिवार की सुबह पेंटिंग सड़क देख खुशी का ठिकाना न रहा। लेकिन यह खुशी क्षणिक ही देखने को मिली। लोग जब सड़क पर चहलकदमी कर उसकी गुणवत्ता को परखना शुरू किया तो कार्यदायी संस्था की लूट की सारी हदें पार देखने को मिली। धूल भरी सड़क पर नियम विरुद्ध हल्के तारकोल में भुनी हुई गिट्टी की हल्की परत देकर सड़क को रोलर से दबा दिया गया था। जो निर्माण के आठ-दस घंटे बाद ही उखड़ने लगी। कई स्थानों पर तो डब्ल्यूबीएम सड़क के ऊपर पड़ी गिट्टी को झाड़ू से इकट्ठा किया जा सकता था।

पीएमजीएसवाई अंतर्गत तीन करोड़ छियासठ लाख बावन हजार की लागत से बनने वाली साढ़े बारह किमी लम्बी सड़क का कमोवेश हर जगह यही हाल था। शनिवार की प्रातः सड़क की हालत देखते ही भाजपाइयों, अधिवक्ताओं समेत समाज के प्रबुद्धजनों का आक्रोश भड़क उठा। लोग संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्था के ठेकेदार को मौके पर बुलाकर, सड़क के घटिया निर्माण को उखाड़कर फिर से बनाने की मांग करने लगे। लोगों के विरोध की खबर लगते ही ठेकेदार द्वारा शनिवार की दोपहर अपने कर्मियों के माध्यम से तहसील तिराहे के पास घटिया निर्माण पर तारकोल डालकर पर्दा डालने की कोशिश की गयी। लेकिन लोगों के विरोध से सभी कर्मी भाग खड़े हुए।
उधर घटिया सड़क निर्माण को लेकर हो रहे हंगामे की खबर लगते ही एसडीएम दुद्धी शैलेन्द्र कुमार मिश्रा भी मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने लोगों की शिकायत पर नवनिर्मित सड़क का निरीक्षण किया, जिसमें मानक के विपरीत घटिया निर्माण देख एसडीएम भौंचक रह गये। उन्होंने जांच के लिए तत्काल अधिशासी अभियंता को पत्र भेजने एवं संबंधित जेई व ठेकेदार को तलब करने का आदेश स्टेनों को दिया। इस मौके पर डीसीएफ चेयरमैन सुरेन्द्र अग्रहरि, नगर चेयरमैन राजकुमार अग्रहरि, डीसीएफ डायरेक्टर संजू तिवारी, पंकज कुमार बुल्लू, भाजपा जिला मंत्री दिलीप पांडेय, दुद्धी मंडल अध्यक्ष मनोज सिंह बबलू, गोरखनाथ अग्रहरि, मोनू सिंह समेत भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।



