Technology

यू-ट्यूब को देश में फर्जी खबरें फैलाने वाले तीन चैनलों को हटाने का निर्देश

सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने यू ट्यूब को देश में फर्जी खबरें फैलाने वाले तीन चैनलों, आजतक लाइव, न्यूज हेडलाइंस और सरकारी अपडेट्स को अपने प्‍लेटफॉर्म से हटाने का निर्देश दिया है। सूत्रों के मुताबिक इन चैनलों को पत्र सूचना कार्यालय की फैक्‍ट चेक इकाई द्वारा फर्जी खबरों को प्रसारित करने वाला घोषित किए जाने के बाद यह कदम उठाया गया है।

पत्र सूचना कार्यालय की फैक्ट चेक इकाई ने एक बयान में कहा था कि ये यूट्यूब चैनल प्रधानमंत्री, निर्वाचन आयोग, उच्‍चतम न्‍यायालय और देश के प्रधान न्यायाधीश और अन्य सरकारी योजनाओं के बारे में झूठे और सनसनीखेज दावे कर रहे हैं। इन यू ट्यूब चैनलों के लगभग तेंतीस लाख सब्‍सक्राइबर हैं और उनके ये फर्जी वीडियो तीस करोड़ से अधिक बार देखे गए।

बयान में कहा गया है कि ये यू ट्यूब चैनल मूल टीवी चैनल के प्रतीक चिन्‍ह और एंकरों के चित्रों का उपयोग करके दर्शकों को यह विश्वास दिलाने की कोशिश करते हैं कि उनके समाचार प्रामाणिक हैं।पिछले एक वर्ष के दौरान सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने फर्जी समाचार प्रसारित करने वाले एक सौ से ज्‍यादा यूट्यूब चैनलों पर प्रतिबंध लगाया है।

 

Related Articles

Back to top button