Varanasi

गार्बेज फ्री काशी बनाने के लिए वाराणसी में चलेगा 75 घंटों का महा स्वच्छता अभियान

रिसाइकिल और रीयूज्ड सामग्री से होगा सौंदर्यीकरण का काम.कूड़ा फेंकने वालों पर रहेगी नज़र, लगेगा जुर्माना.

  • अभियान के तहत कूड़े के ढेर हटाकर उस जगह का होगा सौंदर्यीकरण
  • वाराणसी में अब कूड़े के ढेर की जगह दिखेगा सेल्फी पॉइंट

वाराणसी । विकास का मॉडल बन चुके वाराणसी में अब कूड़े के ढेर की जगह सेल्फी पॉइंट और अन्य उपयोगी स्थान दिखाई देंगे। योगी सरकार एक मिशन के तहत शहरों में एकत्र कूड़े के ढेरों को हटाकर उस जगह का सौंदर्यीकरण करने जा रही है। सरकार कम्युनिटी एंगेज्मेंट प्रैक्टिस के माध्यम से इस मिशन के बारे में लोगों को जागरूक करेगी। सरकार 75 घंटे का महास्वच्छता अभियान चलाएगी, जिससे काशी को गार्बेज फ्री करके स्वच्छ और सुंदर रूप दिया जा सके। ये अभियान एक से तीन दिसम्बर तक अनवरत चलेगा। यही नहीं इधर-उधर कूड़ा फेंकने वालों पर सीसीटीवी से नजर रखी जाएगी और जुर्माना भी लगेगा। स्वच्छता के मेगा अभियान में जनता को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम तय किये गये हैं।

नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एन.पी. सिंह ने बताया कि 1 से 3 दिसम्बर तक 75 घंटे तक लगातार स्वच्छ भारत मिशन-नगरीय अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान में कूड़ा एकत्र होने वाले स्थानों को पूरी तरह से खत्म करते हुए इनका कायाकल्प स्वच्छ स्थान के रूप में कर देना है। उन्होंने बताया कि वाराणसी में दिन प्रतिदिन पर्यटकों की संख्या बढ़ती जा रही है। ऐसे में कूड़े के ढेर पर्यटकों के बीच काशी की अच्छी छवि पेश नहीं करते हैं। सरकार अब ऐसे कूड़े के ढेर को हटाने का महाअभियान चलाने जा रही है। ये मेगा स्वच्छता अभियान बनारस के विकास मॉडल को चार चाँद लगाएगा।

नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स को पूर्णतः खत्म करके नए स्वच्छ स्थान में परिवर्तित करना है। इन स्थानों के आस पास के लोगों को अभियान के साथ जोड़ते हुए उन्हें जागरूक भी किया जाएगा। कूड़े के ढेर को हटाने के बाद स्वच्छ हुए स्थानों का सौंदर्यीकरण रिसाइकिल और रीयूज्ड सामग्री से करना है। यहां सेल्फी पॉइंट, रेहड़ी पटरी के लिए स्थान, वरिष्ठ नागरिको के लिए सिटिंग बेंच, पौधे और गमले लगाना भी महाअभियान का ही हिस्सा है।

अधिकारी के अनुसार ये सभी स्थान नज़ीर के रूप में विकसित हों और इनकी उपयोगिता व सुन्दरता भविष्य में भी बनी रहे, इसका ध्यान रखा जाएगा। इस अभियान में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत किया जायेगा। सरकार गन्दगी फ़ैलाने वालो और सार्वजनिक जगहों पर कूड़ा फेंकने वालों पर सीसीटीवी कैमरे से नजर भी रखेगी। साथ ही ऐसे लोगों पर जुर्माना भी लगाया जाएगा। जुर्माना कितना और कैसे लगेगा इसका भी खाका खींच लिया गया है।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button