Breaking News

समाजवाद के मिशन को आगे बढ़ाएगी सपा : अखिलेश यादव

इटावा । समाजवादी पार्टी (सपा) संस्थापक मुलायम सिंह यादव की पहली जयंती को समाजवादी पार्टी ने सैफई में धरतीपुत्र दिवस के नाम से मनाया है। इस अवसर पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, रामगोपाल यादव, शिवपाल यादव समेत सपा के सैकड़ों नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की पहली जयंती को मुलायम परिवार ने बड़ी सादगी के साथ सैफई में धरतीपुत्र दिवस के नाम से मनाया गया। मुलायम सिंह यादव के पैतृक गांव सैफई में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पूरे परिवार और सपा के कई छोटे-बड़े नेताओं के साथ मुलायम सिंह यादव को नम आंखों से याद करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर सभी ने नेताजी मुलायम सिंह के आदर्शों पर चलने का प्रण लिया।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव के अधूरे कामों को पूरा करने और समाजवाद के मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। अखिलेश यादव ने कहा जो विकास दिख रहा, नेताजी का किया हुआ है। नेताजी ने ऐतिहासिक काम किया है। पुराने साथियों ने उनका संघर्ष देखा है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि सैफई में हर वर्ष आयोजित होने वाले सैफई महोत्सव की शुरुआत नेताजी मुलायम सिंह यादव ने की थी, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से किन्ही कारणवश सैफई महोत्सव का आयोजन नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा नेताजी ने लोगों को संस्कृति से जोड़ने के लिए सैफई महोत्सव की शुरुआत की थी जिसे अगले वर्ष से शुरू करवाया जायेगा।इस मौके पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा कि नेताजी जमीन से जुड़कर काम करने वाले नेता थे उन्होंने निचले स्तर के लोगों को सम्मान के साथ जीवन जीना सिखाया। उन्होंने कहा कि नेताजी ने सब्जी बेचने वाले तक को चार-चार बार चुनाव लड़वाया और जितवाया।

शिवपाल यादव ने कहा कि नेताजी के साथ रहकर उन्होंने बहुत कुछ सीखा है। नेताजी ने हर किसी को उंगली पकड़कर सम्मान से जीवन जीना सिखाया है। इस अवसर उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि आज नेताजी की वजह से ही सेना में शहीद होने वाले जवानों के शव सम्मान के साथ उनके घर तक पहुंचते हैं। इससे पहले शहीद होने वाले जवानों के शव घर नहीं पहुंच पाते थे और शहीद के परिजन अपने लाडले के आखिरी दर्शन नहीं कर पाते थे। नेताजी ने रक्षा मंत्री रहते हुए यह फैसला लिया था। उन्होंने कहा कि नेताजी को हिन्दुस्तान में ही नहीं, पूरी दुनिया के लोग जानते थे। नेताजी ने जाति-मजहब से ऊपर उठकर गरीब, बेरोजगार के लिए बहुत कुछ किया है। नेताजी के सपनों को पूरा करने के लिए हम सब मिलकर काम करेंगे।

डॉक्टरों ने हवन पूजन कर नेताजी को किया याद

सैफई में मुलायम सिंह यादव की जयंती को समाजवादी पार्टी (सपा) ने बड़ी सादगी से मनाया। इस अवसर पर सैफई में मुलायम सिंह यादव के समाधि स्थल के पास सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी के डॉक्टरों ने हवन-पूजन का कार्यक्रम कर नेताजी को याद किया। इस अवसर शिवपाल यादव ने भी पहुंचकर हवन में आहुति देकर नेताजी मुलायम सिंह यादव को नमन कर याद किया।(हि.स.)

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button