नई दिल्ली । देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 9996 केस सामने आए हैं और इसके साथ कुल केसों की संख्या बढ़कर 2 लाख 86 हजार 579 हो गई है। इस दौरान देश में 357 लोगों की जान चली गई। अब तक देश में 8102 लोगों की मौत हो गई है। कल से अब तक 5823 मरीज ठीक हुए हैं।
देश भर में कोविड-19 से संक्रमित लोगों की संख्या तीन लाख को जल्द ही छूने वाली है। इसमें से एक-तिहाई मामले जून महीने के महज दस दिनों में सामने आए हैं। भारत में कोविड-19 का पहला मामला 30 जनवरी को सामने आया था लेकिन इसके बाद 100 दिनों से अधिक समय में 18 मई को संक्रमित लोगों के मामलों की संख्या एक लाख तक पहुंची। बहरहाल, अगले एक लाख मामले महज एक पखवाड़े में सामने आए और वर्तमान दर से इसी हफ्ते यह संख्या तीन लाख तक पहुंच सकती है। पिछले एक हफ्ते से अधिक समय से प्रतिदिन 9 हजार से अधिक मामले सामने आ रहे हैं।



