
अवैध चल रहे अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी से हड़कंप
हर्षित हॉस्पिटल किया सीज, रीता क्लिनिक में नारकोटिक्स दवा मिलने पर नोटिस
दुद्धी, सोनभद्र। स्थानीय कस्बे में अवैध निजी अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग की टीम को देख निजी अस्पतालों को बंद कर संचालक फरार हो गए। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक निजी अस्पताल संचालक व क्लीनिक को नोटिस जारी किया है। जिला स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ गुरू प्रसाद मौर्य की टीम बुधवार की शाम कस्बे में अवैध और मानकों के विपरीत चल रहे निजी अस्पतालों पर छापेमारी की।
नगर के कई डॉक्टर अपने अस्पतालों के शटर व दरवाजे बंद कर फरार हो गए। दुद्धी-आश्रम मार्ग पर धनौरा कालोनी के निकट स्थित हर्षित अस्पताल पर छापेमारी के दौरान बिना चिकित्सक दो मरीज भर्ती के अवस्था में मिले। जिस पर अस्पताल की ओपीडी और वार्ड सीज करते हुए मौके पर मौजूद अवैध हॉस्पिटल संचालन करने वाले कर्मियों को नोटिस जारी करते हुए तीन दिवस के भीतर अपने रजिस्ट्रेशन से संबंधित कागजात स्वास्थ्य विभाग में जमा कराने के लिए आदेशित किया।
रामनगर स्थित रीता क्लीनिक में नारकोटिक्स के अंतर्गत आने वाली नशीली दवाएं पाए जाने पर क्लीनिक का संचालन कर रहे आरसी राय को नोटिस जारी किया। डॉ गुरूप्रसाद मौर्य का कहना है कि उच्चाधिकारियों के आदेश पर कस्बे में संचालित निजी अस्पतालों एवं क्लिनिको के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया गया है, आगे भी अभियान जारी रहेगा।



