Breaking News

धर्म परिवर्तन की सूचना पर हिन्दू संगठनों का बवाल

जेम्स मिशन दयासागर में संस्था के गोल्डेन जुबली कार्यक्रम में लगा धर्म परिवर्तन का आरोप

दुद्धी, सोनभद्र– कोतवाली क्षेत्र के बीड़र गांव में धर्म परिवर्तन की सूचना मिलते ही हिन्दू संगठनों में उबाल आ गया। इसकी जानकारी मिलते ही भाजपा, विहिप,बजरंग दल समेत अन्य धार्मिक संगठनों के दर्जनों लोग जेम्स मिशन दयासागर पहुंच गये। अचानक दर्जनों लोगों को देख आयोजन समिति द्वारा उन्हें गेट पर ही रोक दिया गया। जिससे वे आक्रोशित हो गये और उनका शक यकीन में बदल गया। उसके बाद पुलिस को सूचना देकर बुलाया गया। सबसे गंभीर विषय यह रहा कि धर्म परिवर्तन की सूचना पाकर पहुंचे मीडिया के लोगों को भी प्रवेश से रोक आईडी कार्ड की मांग की जाने लगी। बाद में कस्बा इंचार्ज संजय सिंह के हस्तक्षेप पर मीडिया के लोगों को अन्दर जाने दिया गया।

अंदर कार्यक्रम चल रहा था , जिसमें करीब पांच सौ से अधिक महिलाएं, पुरूष एवं बच्चे शामिल थे। उनमें अधिकांश लोग क्षेत्र के विभिन्न गांवों आये आदिवासी समाज से जुड़े लोग थे।कार्यक्रम में आये कई महिलाओं एवं पुरुषों ने बताया कि उनकी बीमारी ठीक नही हो रही थी। परमेश्वर ने ठीक कर दिया, इसलिए हम उनसे जुड़ गये।कोई तीन चार साल से जुड़ना बता रहा था, तो कोई आज ही पहली बार आने की बात कर रहा था। वहीं संस्था के डायरेक्टर ने कहा कि संस्था के 50 वर्ष पूरे होने पर कैम्पस के अंदर संस्था से जुड़े लोगों के साथ गोल्डेन जुबली समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम हेतु प्रशासनिक परमिशन न लिए जाने के बाबत पूछे जाने पर कहा कि कैम्पस के अंदर कार्यक्रम था, इसलिए परमिशन नही ली।

उधर हिन्दू संगठन से जुड़े लोगों का हंगामा की जानकारी होते ही मौके पर तहसीलदार दुद्धी ब्रजेश वर्मा व कोतवाल श्रीकांत राय भी पहुंच गये। वहां उन्होंने समारोह आयोजक से कार्यक्रम और परमिशन के बारे में पूछताछ की। उत्तर संतोषजनक न मिलने और विहिप के प्रखंड अध्यक्ष संदीप गुप्ता एवं प्रखंड संयोजक सोनू जायसवाल की तरफ से धर्म परिवर्तन कराये जाने की तहरीर मिलने के बाद मौके से तीन-चार लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।दूसरी तरफ हिन्दू संगठन के लोगों ने समारोह में आये आदिवासियों को बांटी गई ग्रंथ बाइबिल व प्रभु यीशु मसीह से जुड़ी उपदेश की सैकड़ो किताबें लेकर इकट्ठी कर ली।

इसके अलावा खाने में बने मांसाहार को बीफ मांस होने की बात सामने आने पर मजिस्ट्रेट ब्रजेश वर्मा एवं पुलिस की मौजूदगी में पशु चिकित्सक द्वारा भोजन में पके हुए मांस का भी नमूना लेकर जांच हेतु सील कराया गया। तब जाकर लोग शांत हुए। हिंदू संगठन के लोगों का आरोप था कि अस्पताल और कार्यक्रम की आड़ में अनपढ़ एवं गरीब आदिवासियों का अक्सर धर्म परिवर्तन कराया जाता है। इस दौरान सुरेन्द्र अग्रहरि, संजू तिवारी,मनोज मिश्रा,राकेश श्रीवास्तव,सुमित सोनी गोरखनाथ अग्रहरि, आलोक जायसवाल,कुमार कुंदन,मनीष जायसवाल, कौशलेंद्र प्रताप सिंह, कलावती देवी,पीयूष अग्रहरि एड.आदि लोग उपस्थित रहे।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button