Breaking News

ज्वेलरी की दुकान से 32 लाख की लूट

लगातार हो रही लूट की घटनाओं से व्यापारियों में दहशत

देवरिया । देवरिया शहर में एक ज्वेलरी की दुकान में घुस कर बुधवार की देर शाम दो बदमाशों ने 32 लाख रुपये के गहने लूट ले गए। बदमाशों ने दुकानदार को असलहा सटाकर इस वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित दुकानदार ने घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। सीओ के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच कर देर रात तक छानबीन में जुटी थी। पुलिस ने दुकान में लगा सीसी टीवी कैमरै को खंगाला। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

सदर कोतवाली क्षेत्र के मलकौली गांव निवासी सूरज वर्मा की देवरिया रुद्रपुर मार्ग के बेलडाढ़ मार्ग तिराहे पर लक्ष्मी नारायण मंदिर के समीप ज्वेलरी की दुकान है। उनके दुकान पर शमशेर नामक एक कर्मचारी है। बुधवार की देर शाम को मालिक और कर्मचारी दुकान बढ़ाने की तैयारी कर रहे थे। शीतलहर और कोहरे से चौराहे पर सन्नाटा पसरा हुआ था।

इसी बीच बाइक सवार दो बदमाश दुकान पर पहुंचे। दोनों मास्क लगाकर माफलर से मुंह बांधे थे। एक बदमाश बाइक के पास रुक गया और दूसरा दुकान के अंदर घुस गया। उसने असलहा सटा कर दुकानदार और कर्मचारी से आभूषण को बोरे में रखने को कहा। असलहे की जोर पर बदमाश आभूषण को बोरे में रखवाकर बाइक से फरार हो गए। दुकानदार दुकान से बाहर निकल कर शोर मचाया तो आस पास के लोग मौके पर पहुंचे।

पीड़ित ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोतवाल अनुज कुमार सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। लूट की सूचना पर क्षेत्राधिकारी सदर श्रीयश त्रिपाठी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आस पास के लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली। पुलिस ने दुकानदार और दुकान पर कार्य करने वाले कर्मचारी से अलग-अलग पूछताछ की। पुलिस लूटेरो की तलाश में लग गई।

सूरज वर्मा ने बताया कि बदमाश 600 ग्राम सोने के जेवर और 12 किलो चांदी के जेवर लूट ले गए हैं। जिसकी कीमत करीब 32 लाख है। बदमाश कुछ ग्राहकों के दुकान पर रखे गिरवी जेवर भी लूट ले गए हैं। आभूषण की दुकान में लूट की सूचना पर पहुंचे सीओ सदर ने दुकान और आसपास लगे सीसी टीवी कैमरे को खंगलवाया। सीसी टीवी कैमरा में पूरी वारदात कैद हो गई है। पुलिस टीम ने सीसी टीवी कैमरा का फुटेज को अपने कब्जे मे ले लिया है। इससे पुलिस को लूट की घटना में अहम सुराग मिला है।

घटना के बाद जिले में शुरु हो गई वाहन चेकिंग

ज्वेलरी की दुकान में लूट की घटना की सूचना मिलते ही अधिकारी घटना स्थल के तरफ दौड़ पड़े। पुलिस ने सदर कोतवाली, रुद्रपुर, मदनपुर, भलुअनी और बरहज थाने को सूचना देते हुए वाहनों की चेकिंग शुरु कर दी। कोहरे और ठंड का फायदा बदमाशों ने बुधवार की देर शाम को उठाया। ठंड के चलते सड़क लोगों का ज्यादे आवागमन नहीं हो रहा है। शाम होते ही सड़क पर सन्नाटा पसर जा रहा है। बदमाशों ने इसका फायदा उठाया।

दुकानदार और कर्मचारी के मोबाइल की जांच

लूट की घटना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दुकानदार से घटना के बारें में जानकारी लेने के बाद उनका मोबाइल लेकर जांच किया। इसके साथ ही पुलिस ने कर्मचारी शमशेर का मोबाइल लेकर पूछताछ किया। पुलिस दोनों के काल डिटेल के साथ ही घटना स्थल पर मौजूद नम्बरों की जांच कर रही है। पुलिस लूटेरे तक पहुंचने में लगी है।

बदमाशों के लिए बेलडाढ़ मार्ग होता मुफिद मार्ग

जिला मुख्यालय से बेलडाढ़ मार्ग पर थाना और चौकी नहीं होने से बदमाशों के लिए मुफिद स्थल बन कर रह गया है। बदमाश घटना को अंजाम देकर बाइक से बरहज,मदनपुर होते हुए गोरखपुर जनपद के तरफ फरार हो जाते है। पुलिस जिले में अपराधियों को खोजती रह जाती है।

बदमाशों ने असलहे के बल आभूषण दुकानदार से लूट किया है। मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। – श्रीयश त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी सदर, देवरिया

Related Articles

Back to top button