एक पेड़ मां के नाम 2.0:योगी सरकार ने रचा इतिहास, अब तक सर्वाधिक पौधरोपण का कीर्तिमान
यूपी में एक दिन में 37,21,40,925 पौधे रोपे गये.सीएम योगी ने अयोध्या, आजमगढ़ और गोरखपुर में रोपा पौधा.बाराबंकी में महामहिम राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने किया पौधरोपण .प्रदेश के अन्य जनपदों में सरकार के मंत्रियों ने रोपे पौधे.राजधानी से लेकर प्रदेश के गांव-गांव तक रोपे गये पौधे, वन विभाग के नेतृत्व में सभी विभागों ने मिलकर लगाए वृक्ष.प्रदेश के सभी 75 जिलों और 18 मंडलों में चला वृहद पौधरोपण अभियान.
- https://pmsupfd.org/plantingprogress.html पर अपडेट होती रही हर पल की रिपोर्ट
- “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की अभूतपूर्व सफलता के लिए मुख्यमंत्री ने जताया आभार
लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने बुधवार को नया इतिहास रच दिया। ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ थीम के अंतर्गत पौधरोपण महाभियान-2025 में पूरे प्रदेश में शाम छह बजकर छह मिनट तक एक दिन (9 जुलाई, बुधवार) में 37,21,40,925 पौधरोपण हुए। यह सरकार द्वारा तय किए गए लक्ष्य 37 करोड़ से 21,40,925 अधिक है।
सीएम योगी ने अयोध्या से किया आगाज, आजमगढ़ और गोरखपुर में भी किया पौधरोपण
माफिया के प्रति कठोर और बच्चों के लिए नर्म दिल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर्यावरण संरक्षण को लेकर बेहद संवेदनशील हैं। दुनियाभर में बढ़ते ग्लोबल वार्मिंग के खतरे को कम करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीते वर्षों की भांति इस वर्ष भी बड़े पैमाने पर अभियान को शीर्ष प्राथमिकता दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान ‘एक पेड़ मां के नाम-2.0’ के तहत मुख्यमंत्री की मंशा को ध्यान में रखते हुए बुधवार को प्रदेश में व्यापक स्तर पर ‘पौधरोपण महाभियान-2025’ चलाया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के रामपुर हलवारा में सरयू नदी के किनारे त्रिवेणी वाटिका में बरगद, नीम और पीपल के पौधे रोपकर इसे भगवान श्रीराम, धरती माता और जन्मदायिनी माता को समर्पित किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने आजमगढ़ के सठियांव ब्लॉक के केरमा गांव में एक्सप्रेसवे के किनारे हरिशंकरी वाटिका की स्थापना की, फिर गोरखपुर के खाद कारखाना परिसर में चिलुआताल के समीप पौधरोपण किया।
राज्यपाल ने बाराबंकी, केशव प्रसाद मौर्य ने मेरठ व ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में लगाया पौधा
महामहिम राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने बाराबंकी में पौध लगाया। राज्यपाल ने यहां त्रिवेणी (पीपल, बरगद व नीम) का रोपण किया। उन्होंने लघु फिल्म लॉन्च की, आंगनबाड़ी किट, पोषण पोटली व प्रमाण पत्र वितरित किए। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मेरठ तथा ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में पौधरोपण किया। वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना अयोध्या-गोरखपुर तथा वन राज्यमंत्री कृष्णपाल मलिक आजमगढ़-गोरखपुर के मुख्य कार्यक्रम में शामिल हुए। वहीं प्रदेश सरकार के सभी मंत्रियों ने भी अलग अलग जिलों में पौधे रोपित किये।
प्लांटेशन मॉनिटरिंग सिस्टम सॉफ्टवेयर पर मिला रियल टाइम अपडेट
बुधवार को हुए ‘पौधरोपण महाभियान-2025’ के अंतर्गत वन, रक्षा, रेलवे की भूमि, ग्राम पंचायत एवं सामुदायिक भूमि, एक्सप्रेस वे, सड़क, नहर, रेल पटरी के किनारे, विकास प्रधिकरण, औद्योगिक परिसर, चिकित्सा संस्थान, शिक्षण संस्थान की भूमि, अन्य राजकीय भूमि, कृषकों की निजी भूमि, नागरिकों द्वारा निजी परिसर में बड़े स्तर पर पौधरोपण किया गया है। सबसे अहम बात ये कि अभियान को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए वन विभाग की तरफ से एण्ड्रायड आधारित प्लांटेशन मॉनिटरिंग सिस्टम सॉफ्टवेयर पर रीयल टाइम अपडेट मिला। मुख्यमंत्री का स्पष्ट निर्देश था कि पिछली सरकारों की तरह पौधरोपण अभियान केवल कागजी खानापूर्ति तक सीमित ना रहे, बल्कि इसे लेकर पूरी पारदर्शिता और पौधों की प्रभावी मॉनीटरिंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। यही कारण रहा कि इस साल भी पौधों की जियो टैगिंग की मुकम्मल व्यवस्था की गई है। साथ ही वन विभाग ने भी टेक्नोलॉजी का भरपूर उपयोग किया है। https://pmsupfd.org/plantingprogress.html पर पल-पल की रिपोर्ट अपडेट होती रही।
पौधरोपण महाभियान-2025 (टाइमलाइन)
👉सुबह 7 बजे- 16,06,428
👉8 बजे- 3,05,16,913
👉9 बजे- 4,90,04,004
👉10 बजे- 7,36,65,319
👉11 बजे- 12,80,34,096
👉12 बजे- 17,57,20,089
👉1 बजे- 19,99,90,781
👉2 बजे- 23,99,81,091
👉3 बजे- 27,01,88,461
👉4 बजे- 30, 97,83,839
👉5 बजे- 34,37,69,767
👉6 बजकर 6 मिनट (फाइनल रिपोर्ट)- 37,21,40,925
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान की अभूतपूर्व सफलता के लिए मुख्यमंत्री ने जताया आभार
सीएम ने प्रदेशवासियों से की अपील- आपने जो पौधा लगाया है, परिवार का सदस्य मानकर उसकी देखभाल करें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की अभूतपूर्व सफलता के लिए प्रदेशवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह बताते हुए अत्यंत गर्व और भावुकता हो रही है कि वृक्षारोपण महाअभियान-2025 के अंतर्गत एक ही दिन में 37 करोड़ से अधिक पौधरोपण कर उत्तर प्रदेश ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह केवल पौधों की संख्या नहीं है, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी सामूहिक संवेदना, जिम्मेदारी और कृतज्ञता की संख्या है।
सीएम ने इस पुनीत कार्य में सहभागी हर नागरिक, जनप्रतिनिधि, अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्रों, स्वयंसेवियों, किसानों और हर परिवार को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि आपने यह सिद्ध कर दिया कि यदि भाव शुद्ध हो और संकल्प दृढ़ हो तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं।
यह सफलता उत्तर प्रदेश की नहीं, पूरे देश की पर्यावरण चेतना की जीत है। इसका संपूर्ण श्रेय यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को जाता है, जिनके प्रेरक नेतृत्व और दूरदर्शी सोच ने हमें “एक पेड़ माँ के नाम” जैसे भावनात्मक, जीवनमूल्य से जुड़े अभियान से जोड़ा। यह उनका ही आह्वान था, जिसे उत्तर प्रदेश की जनता ने अपनाया, आत्मसात किया और अमृत महोत्सव में बदल दिया।
सीएम ने प्रदेशवासियों से अपील की कि आपने जो पौधा लगाया है, परिवार का सदस्य मानकर उसकी देखभाल करें। जब हर वृक्ष जीवित रहेगा, तब यह संकल्प सार्थक होगा।
सोनभद्र जिले ने 1.58 करोड़ पौधरोपण के साथ मारी बाजी, यूपी में रहा प्रथम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप पौधरोपण महाभियान- 2025 ने जन आंदोलन का रूप ले लिया। एक पेड़ मां के नाम 2.0 अभियान के तहत बुधवार को पूरे प्रदेश में रिकार्ड 37.21 करोड़ से अधिक पौधों का रोपण किया गया। पूरे प्रदेश के सभी मण्डल व जिलों, योगी सरकार के सभी विभागों एवं समाजिक व शैक्षणिक संस्थाओं के समन्वय से पौधरोपण किया गया। इस क्रम में वन विभाग के बाद सर्वाधिक 13.12 करोड़ से अधिक पौधरोपण का लक्ष्य ग्राम्य विकास विभाग ने प्राप्त किया।
वहीं पौधरोपण महाभियान- 2025 के तहत सोनभद्र जिले ने सबसे ज्यादा 1.58 करोड़ पौधरोपण के साथ पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया तो झांसी, लखीमपुर खीरी और जालौन क्रमशः दूसरे,तीसरे व चौथे स्थान पर रहे। इसके साथ ही पौध रोपण अभियान में सबसे ज्यादा शीशम और सागौन के इमारती पेड़ों की 4-4 करोड़ से अधिक पौध लगाई गई। जबकि फलदार पेड़ों में सबसे ज्यादा जामुन के पौधों का रोपण किया गया। पौधरोपण महा अभियान- 2025 सीएम योगी के विजन के मुताबिक ग्रीन यूपी के सपने को साकार कर रहा है।
सोनभद्र जिला 1.58 करोड़ पौधरोपण के साथ यूपी में रहा प्रथम
महाभियान- 2025 के तहत रिकार्ड पौधरोपण हुआ। इस पौधरोपण महाभियान में सबसे ज्यादा 1,58,88,285 पौध रोपण कर सोनभद्र जिले ने प्रदेश के सभी जिलों को पीछे छोड़ दिया। इस क्रम ने 99,51,686 पौध रोपण के साथ झांसी दूसरे और 96,75,100 पौधरोपण के साथ लखीमपुर खीरी तीसरे स्थान पर रहा। जबकि 95,66,224 पौध रोपण के साथ जालौन चौथे और मीरजापुर पांचवें स्थान पर रहा।
ग्राम्य विकास विभाग ने किया 13.12 करोड़ से अधिक पौध रोपण
पौध रोपण महाभियान-2025 के तहत एक ओर तो पर्यावरण,वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने 14,05,87,234 पौध रोपण किया। वहीं दूसरी ओर वन विभाग के बाद ग्राम्य विकास विभाग ने सबसे अधिक 13,12,99,341 पौधरोपण कर अन्य सभी विभागों की तुलना में आगे रहा। ग्राम्य विकास विभाग का यह प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इसी क्रम में कृषि विभाग लगभग 4,15,10,285 तथा उद्यान विभाग ने 1,55,60,100 पौधरोपण के साथ क्रमशः तीसरा और चौथा स्थान प्राप्त किया। तो वहीं प्रदेश के पंचायती राज विभाग ने 1,16,21,635 पौध रोपण कर पांचवां स्थान हासिल किया।
शीशम और सागौन के लगे सर्वाधिक पौध
पौधरोपण महाभियान में सर्वाधिक शीशम के पौधे लगाए गए। महा अभियान के तहत शीशम के 4,45,48,989 पौधे लगाए गये, जबकि 4,32,57,354 पौधरोपण के साथ सागौन दूसरे स्थान पर रहा। पौध रोपण में तीसरे स्थान पर रहे जामुन के 1,84,50,924 पौधे लगाये गये। क्रमशः अर्जुन 1,61,82,985 और अमरूद 1,53,33,140 पौधों के रोपण के साथ चौथे और पांचवे स्थान पर रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम
अयोध्या : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण को आर्थिक समृद्धि से जोड़ने की दिशा में एक नई पहल की है। उन्होंने कार्बन अवशोषण को बढ़ावा देने और कार्बन क्रेडिट व्यापार को संस्थागत रूप देने की योजना पर अमल शुरू करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने बुधवार को “वन महोत्सव” के अवसर पर अयोध्या के त्रिवेणी वन क्षेत्र में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और कहा कि अब राज्य के हरित प्रयासों को वैश्विक कार्बन बाजार से जोड़ा जाएगा, ताकि ग्राम पंचायतें, वन विभाग और किसानों को इसका सीधा लाभ मिल सके।
सीएम योगी ने कहा “हम सिर्फ पेड़ नहीं लगा रहे, हम भविष्य को सहेज रहे हैं। अब उत्तर प्रदेश अपने पर्यावरणीय प्रयासों के लिए अंतरराष्ट्रीय मंचों से मान्यता और आर्थिक लाभ दोनों प्राप्त करेगा। कार्बन क्रेडिट व्यापार में यूपी एक मॉडल राज्य बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमृत सरोवरों, वनों, जलाशयों और पुनर्जीवित की जा रही पौराणिक नदियों के जरिए प्रदेश में लाखों टन कार्बन डाइऑक्साइड का अवशोषण संभव है। इस कार्य को वैज्ञानिक तरीके से मान्यता दिलाकर कार्बन क्रेडिट के माध्यम से राजस्व अर्जन की योजना बनाई जा रही है।
क्या है योजना?
हर पंचायत को पौधरोपण, जल स्रोत संरक्षण, जैविक खेती आदि के आधार पर कार्बन क्रेडिट के लिए पंजीकरण कराया जाएगा। सरकार विशेषज्ञ संस्थाओं के साथ मिलकर प्रमाणन की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाएगी। कार्बन क्रेडिट बिक्री से प्राप्त आय का एक बड़ा हिस्सा स्थानीय समुदायों को मिलेगा।
अयोध्या बन सकती है आदर्श मॉडल
राम नगरी अयोध्या, जहाँ मुख्यमंत्री ने त्रिवेणी वाटिका, सरयू किनारे पौधरोपण और अमृत सरोवरों का निरीक्षण किया, अब राज्य की “हरित अर्थव्यवस्था” का रोल मॉडल बनेगी। यहाँ चल रहे पर्यावरणीय प्रयासों को अंतरराष्ट्रीय कार्बन क्रेडिट बाजार से जोड़ने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह पहल न केवल उत्तर प्रदेश के पर्यावरण को संरक्षित करने की दिशा में अहम है, बल्कि यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई ऊर्जा देगी। कार्बन अवशोषण और क्रेडिट व्यापार अब राज्य के लिए पर्यावरणीय समृद्धि का नया सूत्र बन सकता है।
इन लाभार्थियों को मुख्यमंत्री ने प्रदान किया प्रमाणपत्र, चेक एवं फालदार पौधे
वैदिक वन के लिए अनीता यादव और शीला देवी, तिलोदकी गंगा नदी के पुनरुद्धार के लिए शैलजा पांडे, शांति देवी एवं राकेश कुमार को प्रमाण पत्र प्रदान किया। कार्बन क्रेडिट फाइनेंसिंग स्कीम के तहत ममता पाल शिवकुमार और रतन सिंह को डमी चेक प्रदान किया। आराध्या वर्मा परणिका और तेजस्वी वर्मा को फलदार पौधे सौंपे गए।
कार्बन अवशोषण व क्रेडिट व्यापार के तहत ये किसान हुए सम्मानित
1-रामपुर की ममता हुईं सम्मानित
रामपुर से आई महिला किसान ममता पाल ने अपने खेतों में 3600 पौधे लगाए हैं। उन्हें यहां कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 10 हजार रुपये का चेक देकर सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि मैं मुख्यमंत्री जी को उनके अभियान के लिए बहुत बहुत बधाई देती हूं। उनका यह अभियान भविष्य में बड़ी चुनौतियों से पार लगाएगा। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में योगी सरकार अभूतपूर्व कार्य कर रही है।
2-सहारनपुर के रमन ने लगाए 2800 पौधे
सहारनपुर से आये रमन सिंह ने मुख्यमंत्री के अभियान की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हमने अपने गांव में 2800 पौधे लगाए हैं। इन्हें भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 10 हजार का चेक देकर सम्मानित किया। रमन ने कहा कि पर्यावरण को बचाने के पौधरोपण करना बेहद आवश्यक है। मैं मुख्यमंत्री के अभियान की सराहना करता हूं। उनका यह अभियान प्रदेश वासियों के कल्याण में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
3-शिव कुमार ने बताया पर्यावरण का महत्व
मेरठ के पास सदना स्थित मानपुरी गांव के किसान शिव कुमार भी मुख्यमंत्री एक पेड़ मां के नाम अभियान को समर्थन देने पहुंचे थे। उन्होंने पर्यावरण को बचाने के लिए अपने गांव में 3800 पौधे लगाए हैं। इन्हें भी मुख्यमंत्री ने अपने हाथों सम्मानित किया गया। सम्मानित होने के बाद शिव कुमार ने कहा किसानों का हित सिर्फ योगी सरकार ने ही देखा और समझा है। तमाम योजनायें भाजपा सरकार में किसानों के लिए संचालित हैं। मैं उनके पौधरोपण अभियान को एक बार फिर से बधाई देता हूं।
लूट और भ्रष्टाचार उजागर होने से बौखला गए हैं ‘बबुआ’ : सीएम योगी
लूट और भ्रष्टाचार उजागर होने से बौखला गए हैं ‘बबुआ’ : सीएम योगी



