Varanasi

काशी में तिरंगा यात्रा शुरू, 16 जिलों में बड़ा अभियान

वाराणसी में भाजपा काशी क्षेत्र ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर घर तिरंगा अभियान को व्यापक जन-अभियान का रूप देते हुए तिरंगा यात्रा शुरू की। 10 से 12 अगस्त तक 16 जिलों में यात्राएं निकाली जाएंगी। 13 अगस्त को जिला मुख्यालयों पर भव्य आयोजन और 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर मौन जुलूस व संगोष्ठियां आयोजित होंगी।

वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2022 में किये गए हर घर तिरंगा अभियान के आह्वान को व्यापक जन-अभियान का रूप देते हुए भाजपा काशी क्षेत्र में आज सोमवार से तिरंगा यात्रा अभियान शुरू हो गया। काशी क्षेत्र अंतर्गत वाराणसी जिला एवं महानगर समेत सभी 16 जिलों के मंडलों और महानगरों के वार्डों में 1 से 2 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्राएं 10 से 12 अगस्त तक निकाली जाएंगी। इसके बाद 13 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों पर समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से भव्य तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी।

भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं एवं प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए बताया कि सभी 16 जिलों से प्राप्त जानकारी के अनुसार 13 अगस्त के आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य राष्ट्रभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रीय एकता-अखंडता के वातावरण को मजबूत करना है।

अशोक चौरसिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शहीदों की स्मृति और प्रत्येक नागरिक को देश के गौरव से जोड़ने के उद्देश्य से 2022 में हर घर तिरंगा अभियान का विचार दिया था, जो आज व्यापक जन-अभियान बन चुका है। उत्तर प्रदेश के लिए तिरंगा विशेष सम्मान का प्रतीक है, क्योंकि प्रथम स्वाधीनता संग्राम से लेकर स्वतंत्रता की अंतिम लड़ाई तक प्रदेश के वीरों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मंगल पांडेय, तात्या टोपे, रानी लक्ष्मीबाई, बिजली पासी, ऊदा देवी, पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खान और चंद्रशेखर आजाद जैसे वीरों ने अपने बलिदान से स्वतंत्रता संग्राम की ज्वाला को प्रज्वलित रखा। तिरंगा उनके सर्वोच्च बलिदान का पावन प्रतीक है।

उन्होंने बताया कि तिरंगा यात्राओं में भारतीय जनता युवा मोर्चा की अग्रणी भूमिका रहेगी, जबकि महिला मोर्चा सहित सभी मोर्चे और प्रकोष्ठ सक्रिय सहभागिता करेंगे। 12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों, शहीद स्थलों एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाकर महापुरुषों और शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।

14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर सभी जिलों में बैनर व प्ले-कार्ड के साथ मौन जुलूस तथा जिला स्तर पर संगोष्ठियां आयोजित होंगी। विभाजन से जुड़े संस्मरणों के माध्यम से नई पीढ़ी को उस ऐतिहासिक पीड़ा से परिचित कराते हुए राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया जाएगा।

काशी क्षेत्र के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए क्षेत्र स्तर पर समिति गठित की गई है। नागेश्वर देव पांडेय को संयोजक तथा शैलेंद्र मौर्य, नम्रता चौरसिया, अजीत रावत और देवेंद्र मौर्य को सहसंयोजक बनाया गया है। समिति प्रतिदिन अभियान की गतिविधियों की अपडेट लेते हुए सभी 16 जिलों में कार्यक्रमों की मॉनिटरिंग करेगी।

बैठक में राकेश शर्मा, डॉ. सुदामा पटेल,राजेश राजभर,क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी,अनिल श्रीवास्तव,डॉ. उत्तम ओझा,सुरेश सिंह,अमित राय,विपिन पाठक,श्रीप्रकाश शुक्ला,पीयूष वर्धन सिंह,शैलेन्द्र मिश्रा,सुरेंद्र पटेल, संजीव चौरसिया सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

तिरंगे बनाने में जुटीं काशी की 800 महिलाएं, जानिए पूरी कहानी

CM योगी का बड़ा ऐलान, युवाओं के लिए खुलेंगे नए अवसर

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button