
देश में कोरोना ने फिर कहर बरपाना शुरू कर दिया है और पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के 58 हजार से अधिक नये मामले सामने आये ,जिससे सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर दो लाख के पाार हो गयी। इस बीच मंगलवार को 96 लाख 43 हजार 238 कोविड टीके लगाये गये हैं और बुधवार की सुबह सात बजे तक के प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक देश में अब तक 147 करोड़ 72 लाख आठ हजार 846 टीके दिये जा चुके हैं।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में 58,097 नये मामले सामने आये हैं जिससे कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर तीन करोड़ 50 लाख 18 हजार 358 हो गयी है। नये मामलों में बढ़ोतरी के साथ सक्रिय मामले बढ़कर दो लाख 14 हजार चार हो गये हैं। इसी अवधि में 534 मरीजों की मौत हुई है जिसके साथ ही इस बीमारी से मरने वालों की संख्या चार लाख 82 हजार 551 हो गयी है।
पिछले 24 घंटों के दौरान 15,389 मरीज स्वस्थ हुए हैं जिसे मिलाकर अब तक तीन करोड़ 43 लाख 21 हजार 803 लोग कोरोनामुक्त हो चुके हैं। इसी अवधि में 13 लाख 88 हजार 647 कोविड परीक्षण किए गये हैं। इसके साथ ही कुल परीक्षण का आंकड़ा 68 करोड़ 38 लाख 17 हजार 242 हो गया है।देश में सक्रिय मामलों की दर 0.61 और रिकवरी दर 98.01 प्रतिशत है जबकि मृत्यु दर 1.38 फीसदी है।दूसरी तरफ कोविड के ओमिक्राॅन वैरिएंट से 23 राज्यों में 2135 व्यक्ति संक्रमित पायें गये हैं जिनमें महाराष्ट्र में सर्वाधिक 653, दिल्ली में 464 और केरल में 185 मामले हैं। ओमिक्राॅन के संक्रमण से 828 व्यक्ति उबर चुके हैं।वर्तमान में देश में सबसे ज्यादा सक्रिय मामले महाराष्ट्र में हैं। जहां पिछले 24 घंटों में सक्रिय मामले 13888 बढ़ने से इनकी कुल संख्या बढ़कर 70005 हो गयी है और इस अवधि में 20 मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 141573 तक पहुंच गया है।
राज्य में 4558 मरीजों के स्वस्थ होने से कोरोनामुक्त होने वालों की तादाद बढ़कर 6518916 हो गयी है।महाराष्ट्र के बाद कुल सक्रिय मामलों में पश्चिम बंगाल का दूसरा और केरल का तीसरा स्थान है। पश्चिम बंगाल में उक्त अवधि में कोरोना के सक्रिय मामले 5289 बढ़ने से इनकी कुल संख्या बढ़कर 25475 हो गयी हैं। राज्य में इस महामारी से 16 और लोगों की मौत होने के बाद मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 19810 हो गया है, जबकि राज्य में अभी तक 1619016 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।केरल में पिछले 24 घंटों में कोरोना सक्रिय मामले 824 बढ़ने से इनकी कुल संख्या बढ़कर 20877 हो गयी हैं। राज्य में 2363 मरीजों के स्वस्थ होने से कोरोनामुक्त होने वालों की तादाद बढ़कर 5189100 हो गयी है। इस अवधि में 453 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 48637 हो गया है। देश में पिछले 24 घंटों में केरल में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या सबसे अधिक रही है।
बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री समेत नीतीश मंत्रिमंडल के पांच मंत्री कोरोना पॉजिटिव
बिहार के दोनों उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी समेत नीतीश मंत्रिमंडल के पांच सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यहां बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत उनके कैबिनेट के सभी मंत्रियों की कल (मंगलवार) कोरोना जांच कराई गई थी। दरअसल नीतीश कैबिनेट की बैठक होनी है । जांच रिपोर्ट आने पर दोनों उप मुख्यमंत्री के अलावा भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी और मद्य निषेध मंत्री सुनील कुमार के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
इस वैक्सीन को मिली तीसरे चरण के परीक्षण की मंजूरी
कोरोना महामारी की तीसरी लहर व ओमिक्रॉन के बढ़ते असर के बीच इनसे निपटने के इंतजाम भी तेज हो रहे हैं। ड्रग कंट्रोलर जनरल आफ इंडिया (DCGI) की विशेषज्ञ समिति (SEC) ने भारत बॉयोटेक की इंट्रा नैसल (नाक के जरिए दी जाने वाली) वैक्सीन के तीसरे चरण के परीक्षण को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। भारत बॉयोटेक अब अपनी इस नई कोरोना रोधी वैक्सीन का तीसरे चरण का अध्ययन व बूस्टर खुराक का परीक्षण करेगी। इससे संबंधित नतीजे पेश करने के बाद वैक्सीन को मंजूरी दी जाएगी। तीसरे चरण के परीक्षण के बाद इस नैसल वैक्सीन को कोरोना के बूस्टर डोज के तौर पर आपात इस्तेमाल की इजाजत मिल सकती है।



