PoliticsUP Live

एमएलसी चुनाव: भाजपा के गढ़ में सपा के आशुतोष ने केदार को 3850 मतों से दे दी मात

52घण्टे चली मतगणना ,भाजपा का टूटा 15 वर्षो का तिलिस्म, शिक्षक के बाद स्नातक सीट हारने से भाजपाई हुए मायूस

वाराणसी। पूर्वान्चल में एकबार फिर सपा की लॉटरी खुल गई है। भाजपा के गढ़ वाराणसी में सत्ताधारी दल से जुड़ी दो सीटों पर इस बार भाजपा को करारी मात देकर सपाईयों ने अपना परचम लहरा दिया है। इस सीट पर विगत15 वर्षों से भाजपा का कब्जा चला आ रहा था। दोहरी हार से एक तरफ भाजपाई मायूस दिखे तो सपा कार्यकर्ता ख़ुशी से झूम रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भाजपा एमएलसी की दोनों सीट हार गई है। एमएलसी स्नातक सीट पर सपा के आशुतोष सिन्हा ने बड़ी जीत दर्ज की है।

उन्होंने भाजपा के केदारनाथ सिंह को 3850 वोट से हरा दिया है। लगभग 52 घंटे तक लगातार चली 22 चक्रों की मतगणना पूरी होने के बाद आशुतोष ने जीत दर्ज की। हालांकि निर्वाचन आयोग से घोषणा की औपचारिकता अभी बाक़ी है। बता दें कि शिक्षक एमएलसी सीट भी एक दिन पहले सपा ने भाजपा से छीन ली थी। शिक्षक एमएलसी की सीट 10 वर्षों से भाजपा के पास रही तो स्नातक एमएलसी पर भाजपा का 15 वर्षों से कब्जा रहा। एक दिन के अंतराल पर मिली ताबड़तोड़ हार ने यहां भाजपा नेताओं सोचने पर मजबूर कर दिया तो इस हार की चर्चा दिल्ली तक होती रही।

एआरओ एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन के मतगणना के दौरान 21 चरण की मतगणना के बाद समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा को 25,351 मत और भाजपा के केदारनाथ सिंह को 22,685 मत प्राप्त हुए हैं। मतगणना का आंकड़ा चुनाव आयोग को भेज दिया गया है वहां से हरी झंडी मिलते ही विजई प्रत्याशी को प्रमाण पत्र सौंप दिया जाएगा। इधर जीत की खबर बाहर आते ही सपा नेताओं में खुशी का माहौल दिखा तो मिठाइयों संग ढोल नगाड़े भी बज उठे। पूर्वान्चल के आठों जिले में सपा कार्यकर्ता ख़ुशी से झूम रहे थे। विजई प्रत्याशियों के घर फूल माला लेकर पहुंचे लोग बधाई देने में जुटे रहे।

Related Articles

Back to top button