नयी दिल्ली : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रव्यापी आयुष्मान भव अभियान की औपचारिक शुरुआत करते हुए बुधवार को कहा कि जब प्रत्येक व्यक्ति और प्रत्येक परिवार स्वस्थ रहेगा तभी स्वस्थ भारत के निर्माण का संकल्प पूरा होगा।श्रीमती मुर्मु ने गुजरात के गांधीनगर के राजभवन से आयुष्मान भव अभियान का ओनलाइन शुरुआत करते हुए कहा कि “आयुष्मान भव” का लक्ष्य प्रत्येक व्यक्ति और प्रत्येक गांव को इसमें शामिल करना है।
उन्होंने कहा,“ यह हमारे देश में सार्वभौमिक स्वास्थ्य सेवा के उद्देश्य को प्राप्त करने में सफलता हासिल करेगा। जब प्रत्येक व्यक्ति, प्रत्येक परिवार स्वस्थ रहेगा तभी स्वस्थ भारत के निर्माण का संकल्प पूरा होगा।”इस अवसर पर राष्ट्रपति के साथ राजभवन में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र भाई पटेल, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रो एस पी सिंह बघेल और डाॅ.भारती प्रवीण पवार भी उपस्थित रही। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ऑनलाइन रुप से कार्यक्रम में शामिल हुए।
राष्ट्रपति ने कहा कि सभी का सहयोग इतने विशाल लक्ष्यों को हासिल करने में सहायक होगा। सभी लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराना, ग्रामीणों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण के बारे में जागरूक करने के लिए आयुष्मान बैठकें आयोजित करना, आयुष्मान मेलों का आयोजन और आयुष्मान आपके द्वार पहल के अंतर्गत सप्ताह में एक बार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों के दौरे की व्यवस्था करना सराहनीय कदम हैं।
उन्होंने कहा कि भारत कई क्षेत्रों में नई तकनीक और कार्य पद्धतियों को अपनाने में बहुत उत्साह के साथ आगे बढ़ रहा है और भारत अन्य क्षेत्रों की तरह स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी डिजिटल समावेशन का उदाहरण स्थापित करेगा। आयुष्मान भव अभियान केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की एक व्यापक राष्ट्रव्यापी स्वास्थ्य सेवा पहल है जिसका उद्देश्य देश के हर गांव और कस्बे तक स्वास्थ्य सेवाओं की अंतिम छोर तक पहुंचना करना है। यह अभियान 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक ‘सेवा पखवाड़े’ के रुप में होगा।(वार्ता)
LIVE: President Droupadi Murmu Addresses at launch of “Ayushman Bhavah Launch “ campaign of Ministry of Health & Family Welfare at Raj Bhavan, Gandhinagar https://t.co/QcM8j17jBD
— President of India (@rashtrapatibhvn) September 13, 2023



