Health

मरीजों को एक ही स्थान पर मिलेगी “ट्रिपल डी” की मुफ्त सुविधा

सीएम योगी गोरखपुर के जंगल कौड़िया पीएचसी से रविवार को करेंगे मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला का शुभारंभ.कोरोना की तीसरी लहर पर सफलतापूर्वक काबू काबू पाने के बाद योगी सरकार ने फिर शुरू किया आयोजन.

गोरखपुर । कोरोना संक्रमण के खतरे से लोगों को बचाने के लिए तीन माह पहले बंद किया गया मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला रविवार से एक बार फिर प्रारंभ हो रहा है। इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर के जंगल कौड़िया विकास खण्ड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार सुबह 10 बजे करेंगे। आरोग्य मेला के पुनः प्रारंभ होने से एक ही स्थान पर जनता को ट्रिपल डी यानी डॉक्टर, ड्रग्स और डायग्नोस्टिक (चिकित्सक, दवा व जांच) की मुफ्त सुविधा उपलब्ध होगी। यह मेला पूरे प्रदेश में प्रत्येक रविवार को आयोजित होगा जिसमें मरीजों को एक ही जगह विभिन्न विधाओं के विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श, जांच व दवाओं की मुफ्त सुविधा मिलेगी।

समाज के अंतिम पायदान के लोगों को चिकित्सा सुविधा सुलभ कराने के लिए 2 अप्रैल 2020 को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला की शुरुआत की गई थी। एक ही स्थान पर चिकित्सकीय परामर्श, जांच व दवाओं की निशुल्क सुविधा होने से यह मेला जनसामान्य में बेहद लोकप्रिय है। कोरोना की तीसरी लहर में लोगों को संक्रमण से बचाने के लिए इस मेले को रोक दिया गया था। तीसरी लहर पर सफलतापूर्वक काबू पाने के बाद रविवार से इसका पुनः शुभारंभ हो रहा है। प्रदेश के करीब 3500 केंद्रों पर अब तक लग चुके आरोग्य मेलों में 93 लाख 43 हजार 361 मरीज लाभान्वित हो चुके हैं। इनमें से 1 लाख 47 हजार 963 गंभीर रोगियों को हायर सेंटर रेफर किया गया। आरोग्य मेले के दौरान 8 लाख 50 हजार 722 गोल्डन कार्ड भी बनाए जा चुके हैं।

गोरखपुर में मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेला रविवार को जिले के सभी 23 नगरीय एवं 65 ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित होगा। जिलाधिकारी विजय किरण आनंद ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा। इसमें चिकित्सा शिक्षा, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग एवं आयुष विभाग की भी सेवाएं दी जाएंगी।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button