
हैदराबाद । इंसानों के बाद अब जानवरों में भी कोरोना के लक्षण मिलने लगे है। हैदराबाद के नेहरू जूलॉजिकल पार्क में आठ एशियाई शेर कोरोना पॉजिटिव पाए गए है। सेंटर फॉर सेल्युलर एंड मॉलिक्यूलर बायोलॉजी ने बताया कि नेहरू जूलॉजिकल पार्क में इन शेरों का RT-PCR टेस्ट पॉजिटिव आया है। यह देश का पहला मामला है जब जानवर कोरोना वायरस की चपेट में आए है।
24 अप्रैल को शेरों में दिखे थे लक्षण
जानकारी मुताबिक 24 अप्रैल को चिड़ियाघर के केयरटेकर्स ने इन शेरों में सूखी खांसी, नाक बहने, भूख की रुचि नहीं होने जैसे लक्षण देखे थे और तुंरत पशुपालन अधिकारियों को सूचित किया था। इसके बाद जांच टीम ने इन जानवरों का स्वाब सैंपल लिया और उन्हें सीसीएमबी को भेजा। फिलहाल एशिया के सबसे बड़े चिड़ियाघरों में एक नेहरू जूलॉजिकल पार्क को विजिटर्स के लिए बंद किया गया है। चिड़ियाघर के दो दर्जन से ज्यादा स्टाफ कोरोना संक्रमित पाए गए थे। फिलहाल सभी शेरों की तबीयत ठीक है।
लोगों से जानवरों में फैलने की आशंका
चिड़ियाघर घनी आबादी के बीच में है लिहाजा माना जा रहा है कि आसपास के लोगों के संपर्क में आने से शेरों में संक्रमण हुआ होगा। वहीं जू में काम करने वाले 25 कर्मचारी इस रिपोर्ट के आने से पहले संक्रमित हो गए थे इसलिए यह भी माना जा रहा है कि शेरों की देखभाल करने वालों से ही शेरों में संक्रमण हुआ हो।
पिछले साल न्यूयॉर्क के जू में 8 बाघ संक्रमित पाए गए थे
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार पिछले साल न्यूयार्क के एक चिड़ियाघर में 8 बाघ और शेर कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इसके अलावा इससे पहले हांगकांग और डेनमार्क में कुत्तों और बिल्लियों में कोरोना वायरस पाया गया था।
आम लोगों के लिए दो दिन बंद रहेगा जू
जानवरों में संक्रमण के बाद नेहरू जूलोजिकल पार्क को आम लोगों के लिए दो दिन के लिए बंद कर दिया गया है।



