आपातकाल लगा संविधान का गला घोंटने वाले पापियों को न भूलें : मोदी
ऑपरेशन सिंदूर में देखा मेड इन इंडिया का कमाल : मोदी.लाल किले की प्राचीर से पहली बार मोदी ने की संघ की सराहना, शताब्दी वर्ष की दी शुभकामनायें
नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आपातकाल को संविधान का गला घोंटने और उसकी पीठ में छुरा घोंपने वाला पाप बताते हुए शुक्रवार को लाल किले की प्राचीर से कहा कि देश की किसी भी पीढ़ी को ऐसा करने वाले पापियों को नहीं भूलना चाहिए।श्री मोदी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा, “50 साल पहले, भारत के संविधान का गला घोंटा गया था। पीठ में छुरा घोंपा गया। देश को जेलखाना बना दिया गया। आपातकाल लगा दिया गया था। देश की किसी भी पीढ़ी को संविधान की हत्या के इस पाप को नहीं भूलना चाहिए।”प्रधानमंत्री ने ऐतिहासिक लाल किले की प्राचीर से अपने संबोधन में कहा, “उन्हें (देश के लोगों को) संविधान की हत्या करने वाले पापियों को नहीं भूलना चाहिए। हमें भारत के संविधान के प्रति अपने समर्पण को और मजबूत करते हुए आगे बढ़ना चाहिए। यही हमारी प्रेरणा है।”
घुसपैठियों से निपटने के लिए डेमोग्राफी मिशन के गठन की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने घुसपैठ के कारण आबादी के स्वरूप में बदलाव को देश समक्ष एक गंभीर चुनौती बताते हुए समयबद्ध तरीके से इससे निपटने के लिए उच्च अधिकार प्राप्त डेमोग्राफी मिशन के गठन की घोषणा की है।श्री मोदी ने शुक्रवार को स्वाधीनता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से डेमोग्राफी मिशन के गठन की घोषणा करते हुए कहा कि सरकार घुसपैठ से निपटने के लिए सुविचारित रूप से कार्य करेगी। उन्होंने कहा ‘देश के सामने एक चिंता और चुनौती पर आगाह करता हूं, सोची समझी साजिश के तहत देश की डेमोग्राफी को बदला जा रहा है।
‘उन्होंने कहा कि घुसपैठिये भारत के नौजवानों की रोजी-रोटी छीन रहे हैं, बहन बेटियों को निशाना बना रहे हैं, आदिवासियों की जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में घुसपैठियों का कब्जा देश के लिए सुरक्षा का संकट है। हम इसकी इजाजत नहीं दे सकते हैं।उन्होंने कहा कि समय से इस समस्या से निपटने के लिए सरकार उच्च अधिकार प्राप्त डेमोग्राफी मिशन शुरू करेगी और इस काम को सुविचारित तरीके से किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि घुसपैठ की हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। देश इसे सहन नहीं करेगा।
ऑपरेशन सिंदूर में देखा मेड इन इंडिया का कमाल : मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत की ताकत को दुनिया ने देखा है लेकिन हमने भी तब मेड इन इंडिया के सामर्थ्य का कमाल देखा है जब पलक झपकते ही भारतीय शस्त्र-अस्त्र वहां तबाही मचा रहे थे।प्रधानमंत्री ने भारतीय सेना के इस पराक्रम को सीमा पार से आतंकवाद के खिलाफ भारत की जनता के आक्रोश की अभिव्यक्ति बताया और कहा कि हमारी सेना की कठोर और ठोस कार्रवाई में पाकिस्तान को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है और अब रोज इसको लेकर नये नये खुलासे हो रहे हैं।
लाल किले की प्राचीर से पहली बार मोदी ने की संघ की सराहना, शताब्दी वर्ष की दी शुभकामनायें
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पहली बार ऐतिहासिक लाल किले के प्राचीर से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की सराहना करते हुए शताब्दी वर्ष पर उसे शुभकामनायें दी और कहा कि संघ राष्ट्र निर्माण के काम में जुटा हुआ है।श्री मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर संबोधन में लाल किले की प्राचीर से संघ के योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा, “ कोटि- कोटि जनों के पुरुषार्थ से आज से सौ साल पहले इस संगठन का जन्म हुआ। इसकी सौ वर्ष की राष्ट्रीय सेवा गौरवपूर्ण है। राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेकर, मां भारती के कल्याण का लक्ष्य लेकर संगठन के लोगों ने जीवन समर्पित किया है।”
अंतरिक्ष क्षेत्र में बनाना है देश को आत्मनिर्भर : मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि अंतरिक्ष क्षेत्र में देश को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है और इसमें महत्वपूर्ण बात यह है कि देश में अंतरिक्ष क्षेत्र में सैकड़ों स्टार्टअप काम कर रहे हैं।श्री मोदी ने लाल किले से 79वें स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि भारत अंतरिक्ष क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में काम कर रहा है और अंतरिक्ष में अपना स्टेशन बनाएगा। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही भारत अपने प्रमुख मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम की दिशा में काम करते हुए गगनयान के प्रक्षेपण की तैयारी भी कर रहा है।
महिलाओं को और सशक्त बनाना सबकी जिम्मेदारी : मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि देश में महिलाएं कितनी शक्तिशाली हैं इसको हमारा पूरा समाज पहचान गया है और अब महिलाएं केवल बढ़ती अर्थव्यवस्था की लाभार्थी ही नहीं हैं बल्कि नारी शक्ति देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका भी निभा रही हैं।श्री मोदी ने लाल किले की प्राचीर से 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश में महिलाओं की शक्ति को हर कोई पहचान रहा है। देश की महिलाएँ आज न केवल हमारी बढ़ती अर्थव्यवस्था की लाभार्थी हैं बल्कि ‘नारीशक्ति’, ‘मातृशक्ति’ और ‘स्त्रीशक्ति’ भी इसके विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहीं हैं।
उन्होंने कहा कि स्टार्टअप से लेकर अंतरिक्ष क्षेत्र तक और खेल से लेकर रक्षा क्षेत्र तक आज देश की बेटियाँ हर क्षेत्र में चमक रही हैं और हमारे सम्मान के प्रतीक हमारे तिरंगे की शान बन रही हैं। उनका कहना था कि भारतीय रक्षा अकादमी की महिला कैडेटों के पहले बैच के उत्तीर्ण होने पर पूरा देश गर्व से भर गया।प्रधानमंत्री ने कहा कि महिलाएं खुद अपना रोजगार पैदा कर रही हैं। वे अब किसी पर निर्भर नहीं हैं और स्वयं सहायता समूह के जरिए खुद को मजबूत बना रही हैं। उनका कहना था कि 10 करोड़ महिलाएं सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़ी हैं जबकि दो करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य तय किया गया है।
श्री मोदी ने कहा, “महिलाओं की सुरक्षा और उन्हें सम्मान देना आवश्यक है इसलिए राज्यों को महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। मैं आज लाल किले से एक बार फिर अपनी पीड़ा व्यक्त करना चाहता हूँ, एक समाज के रूप में हमें महिलाओं के खिलाफ हो रहे अत्याचारों के बारे में गंभीरता से सोचना होगा – देश में इसके खिलाफ आक्रोश है, मैं इस आक्रोश को महसूस कर सकता हूँ।”
मोदी ने लाल किले की प्राचीर से दिया अब तक का सबसे लंबा भाषण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शुक्रवार को लाल किले की प्राचीर से 103 मिनट का भाषण देकर नया रिकॉर्ड बनाया है।स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से श्री मोदी का यह लगातार 12वां भाषण था और इस दौरान उन्होंने अब तक का सबसे लंबा भाषण किया। इसके साथ ही वह स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से देश को संबोधित करने के मामले में पंडित जवाहर लाल नेहरू के बाद दूसरे स्थान पर आ गए हैं।
स्वतंत्रता दिवस पर मोदी ने की महत्वपूर्ण घोषणाएं
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए शुक्रवार को स्वाधीनता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से आर्थिक विकास को गति देने, परमाणु ऊर्जा क्षमता बढ़ाने के साथ साथ साथ महत्वपूर्ण घोषणाएं की है।सेमीकंडक्टर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने याद दिलाया कि कैसे 50-60 साल पहले सेमीकंडक्टर कारखाने लगाने के प्रयास ‘शुरू में ही ख़त्म’ हो गये थे, जबकि दूसरे देश फल-फूल रहे थे। उन्होंने घोषणा की कि भारत अब मिशन मोड पर है। इस साल के अंत तक देश अपनी पहली मेड इन इंडिया चिप लॉन्च कर देगा।
परमाणु ऊर्जा: वर्ष 2047 तक परमाणु ऊर्जा क्षमता दस गुना बढ़ जाएगी। अगले दो दशकों में परमाणु ऊर्जा उत्पादन क्षमता को दस गुना से अधिक बढ़ाने के भारत के मिशन के तहत 10 नये परमाणु रिएक्टरों पर काम चल रहा है।जीएसटी सुधार – एक दिवाली उपहार: श्री मोदी ने कहा कि दिवाली पर अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों का अनावरण किया जाएगा। इससे आवश्यक वस्तुओं पर कर कम हो जाएंगे और एमएसएमई, स्थानीय विक्रेताओं और उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।10 ट्रिलियन डॉलर के भारत के लिए सुधार कार्य बल: प्रधानमंत्री ने अगली पीढ़ी के सुधारों को आगे बढ़ाने के लिए एक समर्पित सुधार कार्य बल के गठन की घोषणा की।
इसका उद्देश्य आर्थिक विकास को गति देना, लालफीताशाही को कम करना, शासन का आधुनिकीकरण करना और 2047 तक भारत को 10 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था की ज़रूरतों के लिए तैयार करना है।एक लाख करोड़ रुपए की पीएम विकसित भारत रोजगार योजना: प्रधानमंत्री ने एक लाख करोड़ रुपए की एक बड़ी रोज़गार योजना की शुरुआत की। इसके तहत नए रोज़गार वाले युवाओं को हर महीने पंद्रह हजार रुपये मिलेंगे। इस योजना का उद्देश्य तीन करोड़ युवाओं को लाभान्वित करना है ताकि स्वतंत्र भारत से समृद्ध भारत तक सेतु मज़बूत हो।हाई पावर डेमोग्राफी मिशन: प्रधानमंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्रों में घुसपैठ के कारण जनसांख्यिकीय असंतुलन के खतरों पर चिंता जताई।
उन्होंने इस चुनौती से निपटने के लिए एक हाई पावर डेमोग्राफी मिशन शुरू करने की घोषणा की ताकि भारत के नागरिकों की एकता, अखंडता और अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।ऊर्जा स्वतंत्रता – समुद्र मंथन शुरू: श्री मोदी ने कहा कि भारत के बजट का एक बड़ा हिस्सा अभी भी पेट्रोल, डीज़ल और गैस के आयात में जाता है। उन्होंने समुद्री संसाधनों के दोहन के लिए राष्ट्रीय गहरे जल अन्वेषण मिशन की शुरुआत की घोषणा की। इसके साथ ही सौर, हाइड्रोजन, जलविद्युत और परमाणु ऊर्जा में बड़े विस्तार की भी घोषणा की।भारत में निर्मित जेट इंजन -एक राष्ट्रीय चुनौती :प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस तरह हमने कोविड के दौरान टीके बनाए और डिजिटल भुगतान के लिए यूपीआई बनाया, उसी तरह हमें अपने जेट इंजनों के लिए भी खुद के जेट इंजन बनाने चाहिए। उन्होंने वैज्ञानिकों और युवाओं से इसे चुनौती के रूप में लेने को कहा।(वार्ता)
दुनिया से मुकाबले के लिए मोदी का लाल किले से आत्मनिर्भरता, स्वदेशी और एकजुटता का आह्वान



