सरकार ने देश में कोविड टीकाकरण का दायरा बढ़ाते हुए 12 से 14 वर्ष के आयुवर्ग के बच्चों और 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी व्यक्तियाें को कोविड टीका लगाने का निर्णय किया है।केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार को यहां कहा कि 16 मार्च से 12 वर्ष से 14 वर्ष के आयुवर्ग के बच्चों का कोविड टीकाकरण शुरू हो रहा है। इसके साथ ही 60 से अधिक आयु के सभी लोग अब कोविड का तीसरा टीका या अतिरिक्त टीका ले सकेंगे। इस वर्ग में गंभीर बीमारी से ग्रस्त होने की शर्त समाप्त कर दी गयी है।
उन्होंने कहा, “ बच्चे सुरक्षित तो देश सुरक्षित। मुझे बताते हुए खुशी है कि 16 मार्च से ,12 से 13 और 13 से 14 आयुवर्ग के बच्चों का कोविड टीकाकरण शुरू हो रहा है। साथ ही 60 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोग अब प्रिकॉशन डोज लगवा पाएँगे।” उन्होंने कहा, “ मेरा बच्चों के परिजनों और 60 से अधिक आयुवर्ग के लोगों से आग्रह है कि वैक्सीन जरूर लगवाए।”मंत्रालय ने कहा है कि केंद्र सरकार ने वैज्ञानिकों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श के बाद 12 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए 16 मार्च से कोविड टीकाकरण शुरू करने का निर्णय लिया है।
बच्चों को कोविड टीका “कॉर्बेवैक्स” लगाया जाएगा। इसे हैदराबाद की भारतीय कंपनी बॉयोलोजिकल ई. लिमिटेड ने निर्मित किया है।उल्लेखनीय है कि 14 वर्ष से अधिक आयु की आबादी को वर्तमान में चल रहे कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम के तहत पहले से ही कोविड टीका दिया रहा है।सरकार ने यह निर्णय भी लिया है कि 60 वर्ष से अधिक आयु की आबादी के लिए कोविड-19 की एहतियाती खुराक के लिए गंभीर बीमारी से ग्रस्त की शर्त को तुरंत हटा लिया गया है। इसलिए, 60 वर्ष से अधिक आयु की पूरी आबादी 16 मार्च से कोविड टीका की एहतियाती खुराक लेने की पात्र होगी।



