Health

देश में कोरोना संक्रमण में इजाफा, 1088 नये मामले दर्ज,चीन में हालात बेकाबू

देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,088 नये मामले दर्ज किये गये हैं, जो कल सामने आये 796 मामलों की तुलना में अधिक है। नये मामलों के साथ कुल मामलों की संख्या चार करोड़ 30 लाख 38 हजार 16 हो गई है।केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बुधवार को यहां बताया कि आज सुबह सात बजे तक 186 करोड़ 07 लाख 06 हजार 499 कोविड टीके दिये जा चुके हैं।देश में कोरोना सक्रिय रोगियों की संख्या 10 हजार 870 है। इसमें मंगलवार के मुकाबले 19 की कमी आई है। देश में सक्रिय मामलों की दर 0.03 प्रतिशत है। दैनिक संक्रमण दर 0.25 प्रतिशत दर्ज की गयी।

मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 26 लोगों की मौत हुई है। यह आंकड़ा भी कल के मुकाबले ज्यादा है। मंगलवार को यह संख्या 19 थी। इसी के साथ देश में इस महामारी से मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर पांच लाख 21 हजार 736 पर पहुंच गया है। देश में कोविड-19 से होने वाली मौतों की दर 1.21 प्रतिशत है। इसी अवधि में 1081 लोग कोविड से मुक्त हुए हैं। अभी तक कुल चार करोड़ 25 लाख पांच हजार 410 लोग कोविड से उबर चुके हैं। स्वस्थ होने की दर 98.76 प्रतिशत है।देश में पिछले 24 घंटे में चार लाख 29 हजार 323 कोविड परीक्षण किये गये हैं। देश में अब तक कुल 79 करोड़ 49 लाख 54 हजार 525 कोविड परीक्षण किए गए हैं।

केरल में पिछले 24 घंटे में सक्रिय मामले 17 बढ़ने से इनकी संख्या 2982 रह गयी। वहीं, 262 लोगों के स्वस्थ होने के बाद इससे निजात पाने वाले लोगों की संख्या 6465037 हो गई है, जबकि मृतकों का आंकड़ा 68402 हो गया है।कर्नाटक में सक्रिय मामले 38 घटकर 1450 हो गये हैं। इस दौरान 86 मरीजों के ठीक होने से इस महामारी से निजात पाने वालों की कुल संख्या 3904577 हो गई है। राज्य में मृतकों का आंकड़ा 40057 पर स्थिर है।

कोरोना के चलते चीन में हालात बेकाबू, भारत ने बंद की कॉउंसलर सेवाएं

चीन में कोरोना की तीसरी लहर के चलते हालात बेकाबू हो गए हैं। सख्त प्रतिबंधों के बावजूद चीन में कोरोना के रिकार्ड मामले सामने आ रहे हैं। चीन में बीते 24 घंटे में कोरोना के 26 हजार से ज्यादा मामले सामने आए हैं। सरकार ने बुधवार को बताया कि 12 अप्रैल को कोरोना के 25,141 नए मामले सामने आए हैं। जबकि लक्षण वाले 1189 मामले मिले हैं। एक ही दिन पहले स्पर्शोन्मुख मामले 22,348 थे। कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच चीन की जीरो कोविड नीति की आलोचना हो रही है। हालांकि चीन सरकार ने इसका बचाव किया है। मंगलवार को पत्रकारों को संबोधित करते हुए चीनी विदेश मंत्री के प्रवक्ता ने कहा, ‘चीन की जीरो कोविड नीति महामारी विरोधी प्रोटोकाल विज्ञान और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है।’ उन्होंने कहा कि कोविड को लेकर बनाई गई नीतियां डब्ल्यूएचओ के सिद्धातों पर आधारित हैं।

भारतीय दूतावास ने शंघाई में बंद की कॉउंसलर सेवाएं

शंघाई में सख्त लाकडाउन के कारण हालात बुरे हैं। बीजिंग में भारतीय दूतावास ने बड़ा अपडेट दिया है। भारतीय दूतावास ने कहा कि शंघाई में लाकडाउन के कारण भारत के महावाणिज्य दूतावास से संपर्क नहीं हो पा रहा है। दूतावास ने कहा कि महावाणिज्य दूतावास शंघाई में व्यक्तिगत रूप से कांसुलर सेवाएं प्रदान करने की स्थिति में नहीं है। दूतावास ने भारतीयों के लिए गाइडलाइन्स भी जारी की हैं।

अमेरिका ने वापस बुलाए अपने कर्मचारी

इससे पहले अमेरिका ने शंघाई में अपने गैर आपातकालीन सरकारी कर्मचारियों को शहर छोड़ने का आदेश दिया था। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने इसको लेकर निर्देश दिया है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस दौरान अमेरिकी अधिकारी वाणिज्य दूतावास में ड्यूटी पर तैनात रहेंगे।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button