Health

अगर वायरस में नहीं आया बदलाव तो देश में नहीं आएगी कोरोना की चौथी लहर

विशेषज्ञों ने दी सावधानी बरतने की सलाह

नई दिल्ली । देश में कोरोना की चौथी लहर आने की आशंका के मद्देनजर विशेषज्ञों ने सावधानी बरतने की सलाह दी है। वायरोलॉजिस्ट डॉ. टी जैकब जॉन ने बताया कि देश में अगर कोरोना का स्वरूप नहीं बदला तो चौथी लहर की कोई आशंका नहीं है। यानी चौथी लहर आने की आशंका बेहद कम है।

शनिवार को नई दिल्ली में पोलियो उन्मूलन पर लिखी किताब के विमोचन के मौके पर डॉ. टी जैकब जॉन ने बताया कि कोरोना की तीसरी लहर अब लगभग खत्म होने के कगार पर है। चूंकि देश में कोरोना के नए मामले अब कुल मामलों का दस प्रतिशत से भी कम हैं, इसलिए अब यह एंडेमिक स्टेज पर है यानी यह अब लोगों के बीच मौजूद रहेगा। ऐसे में जब तक कोरोना वायरस में कोई बदलाव नहीं होता तब तक चौथी लहर की आशंका नहीं के बराबर है। उन्होंने कहा कि चौथी लहर की आशंका को कम आंक कर भी देखना ठीक नहीं है। लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। बूस्टर डोज के सवाल पर डॉ. जैकब ने बताया कि कोरोना से लड़ने में टीके की दोनों खुराक के साथ बूस्टर खुराक बेहद कारगर है। ज्यादा से ज्यादा आबादी को बूस्टर डोज भी लेना चाहिए।(हि.स.)

Related Articles

Back to top button