Varanasi

वाराणसी में 10 अगस्त से शुरू होगी भव्य तिरंगा यात्रा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर भाजपा 10 से 15 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा' अभियान चलाएगी। वाराणसी सहित पूरे उत्तर प्रदेश में तिरंगा यात्राएं, जनजागरण, शहीद परिवारों का सम्मान, स्वतंत्रता संग्राम स्थलों पर स्वच्छता अभियान और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित कर अभियान को राष्ट्रभक्ति का जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया।

वाराणसी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा’ अभियान अब राष्ट्रभक्ति का विराट जनआंदोलन बन चुका है। इसे व्यापक जनभागीदारी के साथ जन-जन तक पहुंचाने के लिए उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी की ओर से 10 से 15 अगस्त तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत 10 से 14 अगस्त तक तिरंगा यात्राएं तथा 11 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाकर घरों, प्रतिष्ठानों, व्यापारिक संस्थानों एवं कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए जनजागरण किया जाएगा।

अभियान की शुरुआत 9 अगस्त को लखनऊ मुख्यालय से निकलने वाली तिरंगा यात्रा से होगी। यह जानकारी भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने सोमवार को रोहनिया स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित बैठक में दी। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल राष्ट्रीय ध्वज फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक भारतीय के मन में तिरंगे के प्रति सम्मान, गौरव और आत्मीयता की भावना को और मजबूत करने का अभियान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इसे व्यापक जनसहभागिता के साथ जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान किया।

अशोक चौरसिया ने बताया कि अभियान के तहत 4 और 5 अगस्त को जिला योजना तथा 6 अगस्त को मंडल योजना बैठकें आयोजित कर कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। 10 से 12 अगस्त तक प्रत्येक मंडल तथा महानगरों के वार्ड स्तर पर एक से दो किलोमीटर लंबी भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इन यात्राओं का नेतृत्व भाजयुमो करेगा, जबकि महिला मोर्चा सहित सभी मोर्चे और प्रकोष्ठ इसमें सहभागी होंगे। हर घर तक पहुंचने के लिए क्षेत्र, जिला और मंडल स्तर पर टोलियां गठित की गई हैं।

उन्होंने कहा कि 13 से 15 अगस्त तक घर-घर संपर्क और जनजागरण कर प्रत्येक घर, प्रतिष्ठान, व्यापारिक संस्थान एवं कार्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा। इसी दौरान प्रत्येक मंडल में युद्धवीरों, शहीदों के परिजनों और देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों के परिवारों का सम्मान कर उनके त्याग एवं समर्पण के प्रति राष्ट्र की कृतज्ञता व्यक्त की जाएगी।

क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बताया कि 12 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्मारकों, शहीद स्थलों और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े महत्वपूर्ण स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। साथ ही महापुरुषों और शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनका स्मरण किया जाएगा। 13 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों पर तिरंगा यात्राएं आयोजित की जाएंगी।

क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने कहा कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर सभी जिलों में बैनर एवं प्ले-कार्ड के साथ मौन जुलूस निकाले जाएंगे तथा जिला स्तर पर संगोष्ठियों का आयोजन कर विभाजन की विभीषिका से जुड़े संस्मरण साझा किए जाएंगे। वहीं 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस बूथ से लेकर शक्ति केंद्र, मंडल और घरों तक मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को शाम चार बजे के बाद राष्ट्रीय ध्वज को ससम्मान उतारा जाएगा।

बैठक में राकेश शर्मा, डॉ. सुदामा पटेल,राजेश राजभर,क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, डॉ. उत्तम ओझा, संतोष सोलापुरकर, श्री प्रकाश शुक्ला,पीयूष वर्धन, सुरेंद्र पटेल, संजीव चौरसिया, सिद्धार्थ कुशवाहा, अमित राय सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

अहमदाबाद 2030 की उल्टी गिनती शुरू, कॉमनवेल्थ गेम्स का झंडा भारत को सौंपा गया

बृजभूषण शरण सिंह बरी, अब पहलवान क्या करेंगे?

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button