विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कोविड-19 महामारी से संबंधित प्रतिबंधात्मक उपायों को हटाने की शुरुआत कर रहे देशों से आह्वान किया है कि वे प्रतिबंधों में स्थिर और धीमी गति से ढील दें, क्योंकि हाल के आंकड़ों में दुनिया भर में कोरोना वायरस के कारण होने वाली मौतों की संख्या में तेज वृद्धि देखी गई है।डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक टेड्रोस एडनॉम गेब्रेयेसस ने एक प्रेस वार्ता में कहा, “ ओमिक्रॉन संस्करण को पहली बार केवल 10 सप्ताह पहले पहचाना गया था, इसके बावजूद डब्ल्यूएचओ के समक्ष लगभग नौ करोड़ मामले दर्ज कराये गये हैं, जो पूरे 2020 में सामने आये मामलों से अधिक है। अब हम विश्व के अधिकांश क्षेत्रों में मौतों में एक बहुत ही चिंताजनक वृद्धि देख रहे हैं।”
उन्होंने कुछ देशों के नागरिकों की इस धारणा को लेकर अपनी चिंता दोहरायी कि ‘टीकों के कारण, और ओमिक्रॉन की उच्च संप्रेषणीयता और कम गंभीरता के कारण, इसके प्रसार को रोकना अब संभव नहीं है और आवश्यक भी नहीं है।”श्री गेब्रेयेसस ने कहा, “अधिक संचरण का मतलब अधिक मौतें हैं। हम किसी भी देश को फिर से तथाकथित लॉकडाउन लगाने के लिए नहीं कह रहे हैं, लेकिन हम सभी देशों से हर उपाय करके अपने लोगों की रक्षा करने का आह्वान कर रहे हैं, केवल टीके लगाना काफी नहीं है। किसी भी देश के लिए महामारी के समक्ष आत्मसमर्पण करना या जीत की घोषणा करना जल्दबाजी होगी।”
पिछले 25 घंटे में 1.21 लाख से अधिक सक्रिय मामले घटे, मृतकों की संख्या बढ़ी
देश में कोरोना वायरस महामारी के मामलों में लगातार गिरावट के बीच बीते 24 घंटे में एक लाख 21 हजार 456 सक्रिय मामले घटे हैं, वहीं इस दौरान 1733 लोगों की मौत हुई है।इस दरम्यान देश भर में 57 लाख 42 हजार 659 कोविड टीके लगाये गये हैं। इसके साथ ही बुधवार सुबह सात बजे तक एक अरब 67 करोड़ 29 लाख 42 हजार 707 कोविड टीके लगाये जा चुके हैं।केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, इस दौरान एक लाख 61 हजार 386 नये मामले सामने आए है। इस समय देश में कोरोना के सक्रिय मामले 1,21,456 घटकर 16 लाख 21 हजार 603 रहे है। सक्रिय मामलों की दर इस वक्त 3.90 फीसदी है। इस बीच दो लाख 54 हजार 76 मरीजों के स्वस्थ होने के साथ रिकवरी दर 94.91 प्रतिशत पहुंच गयी है। देश में अब तक तीन करोड़ 95 लाख 11 हजार 307 लोग कोरोना को मात दे चुके है।
इस दौरान 1733 लोगों की इस बीमारी से मौत हुई। मृत्यु दर 1.20 प्रतिशत पर स्थिर है।देश में पिछले 24 घंटे में 17 लाख 42 हजार 793 कोविड परीक्षण किए गये हैं। देश में कुल 73.24 कोविड परीक्षण किए गए हैं।देश भर में सर्वाधिक सक्रिय मामले केरल में हैं। यहां पिछले 24 घंटे में 10,299 सक्रिय मामले बढ़कर 36,8580 हो गये। वहीं 40,383 लोगों के स्वस्थ होने के बाद इससे निजात पाने वाले लोगों की संख्या 56,53,376 हो गयी है, जबकि 1205 लोगों की मौत होने के बाद मृतकों का आंकड़ा 55600 हो गया है।दूसरे पायदान पर कर्नाटक है, जहां सक्रिय मामलों की संख्या में 46606 घटकर 197755 रह गयी है। इस दौरान 60,914 और मरीजाें के ठीक होने से इस महामारी को मात देने वालों की कुल संख्या बढ़कर 358,7022 हो गयी है। वहीं 58 और मरीजों की मौत हुई है जिससे राज्य में मृतकों की संख्या 39056 पर पहुंच गयी है।
विश्व में 24 घंटे में कोरोना से 13 हजार से अधिक मौत
विश्व में कोरोना वायरस महामारी का प्रकोप जारी है और इसी क्रम में पिछले 24 घंटे में 13 हजार 827 लोगों की इस बीमारी से मौत हुई है, जिसके साथ ही मरने वालों की संख्या बढ़कर 56 लाख 85 हजार 892 हो गई है।दुनिया भर में इस संक्रमण से प्रभावित लोगों की संख्या बढ़कर 38 करोड़ 13 लाख 15 हजार 125 हो गई है। वहीं अब तक 9.95 अरब से ज्यादा वैक्सीन की डोज दी जा चुकी है।अमेरिका की जॉन हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के कोरोना वायरस रिसोर्स सेंटर की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक दुनिया भर में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 38,13,15,125 हो गयी है और मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 56,85,892 हो गया हैं।दुनिया भर में कोरोना संक्रमण के सबसे अधिक मामलों के साथ अमेरिका शीर्ष पर है, जहां इस महामारी से अभी तक 7.53 करोड़ से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं और 8,90,770 लोग काल के गाल में समा चुके हैं।
भारत इस महामारी के संक्रमण के मामले में दूसरे स्थान पर है, जहां पिछले 24 घंटों में बुधवार सुबह तक कोविड संक्रमण के एक लाख 61 हजार 386 नये मरीज सामने आये हैं। देश के काेरोना सक्रिय मामलों की कुल संख्या 16 लाख 21 हजार 603 हो गयी है। यह संक्रमित मामलों का 3.90 प्रतिशत है। दैनिक संक्रमण दर 9.26 प्रतिशत हो गयी है। अभी तक कुल तीन करोड़ 95 लाख 11 हजार 307 लोग कोविड से उबर चुके हैं। स्वस्थ होने की दर 94.91 प्रतिशत है। वहीं इस दौरान 1733 लोगों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 4,97,975 हो गया है। देश में इस समय मृत्यु दर 1.20 प्रतिशत है।
संक्रमण के मामले में ब्राजील तीसरे स्थान पर आ गया है। देश में कोरोना वायरस की जद में अभी तक 2.56 करोड़ से अधिक लोग आ चुके है और यह वायरस अभी तक 6,28,356 लोगों की जान ले चुका है।फ्रांस संक्रमण के मामले में चौथे पायदान पर है। देश में अभी तक अभी तक करीब 1.96 करोड़ से ज्यादा लोग इस जानलेवा वायरस से संक्रमित हो चुके हैं और अब तक 1,32,307 लोगों की मौत हुई है।कोरोना संक्रमण के मामले में ब्रिटेन पांचवें स्थान पर है, जहां अभी तक करीब 1.75 करोड़ लोग इस महामारी से प्रभावित हो चुके है जबकि मृतकों का आंकड़ा 1,57,404 तक पहुंच गया है।तुर्की ने कोरोना संक्रमण के मामले में रूस को पीछे छोड़ दिया है और यह छठे पायदान पर है, जहां अभी तक करीब 1,17,22,483 लोग संक्रमित हुए हैं और इस महामारी से 87,614 लाेगों की जान जा चुकी है।रूस कोरोना संक्रमण के मामले में सातवें पायदान पर खिसक गया है।
देश में इस महामारी से 1,17,95059 लोग प्रभावित हो चुके हैं और अब तक 3,25,321 लोग जान गंवा चुके हैं। मृतकों के मामले में रूस चौथे स्थान पर है।इटली में संक्रमितों की कुल संख्या 1.11 करोड़ के पार पहुंच गयी है और यह आठवें स्थान पर है। देश में मृतकों का आंकड़ा 1,46,925 तक पहुंच गया है।स्पेन संक्रमितों के मामले में नौवें पायदान पर है जहां इस महामारी से अभी तक 10.03 लाख से अधिक लोग संक्रमित हो चुके हैं और 93,633 लोगों को जान से हाथ धोना पड़ा हैं। जर्मनी में वैश्विक महामारी से अभी तक 10.07 लाख से ज्यादा लोगों के प्रभावित होने से यह दसवें पायदान पर है। देश में मृतकों का आंकड़ा 1,18,026 तक पहुंच गया है। भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान में 14.36 लाख से अधिक लोग कोरोना संक्रमण की जद में आ चुके हैं और इस महामारी से वहां 29,330 लोगों की मौत हो गई है।



