
दिल्ली सरकार ने लगातार बढ़ते कोरोना मामलों के मद्देनजर सप्ताहांत (वीकेंड) कर्फ्यू लागू करने का फ़ैसला किया है जिसके तहत अब शनिवार और रविवार को रात्रि कर्फ़्यू के अलावा दिन में में भी कर्फ़्यू रहेगा।दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डीडीएमए की बैठक में वीकेंड कर्फ़्यू लगाने का फ़ैसला किया गया। उन्होंने कहा कि आवश्यक सेवाओं को छोड़कर बाक़ी सबके लिए कर्फ़्यू की पाबंदी होगी।
उन्होंने कहा कि मेट्रो और बस में पचास फ़ीसदी क्षमता से चलने के फ़ैसले के बाद देखने में आया कि बस स्टाप और मेट्रो स्टेशन के सुपर स्प्रेडर बनने की आशंका है इसलिए अब पूरी क्षमता से बस और मेट्रो को चलाने के निर्णय लिया गया है। बस और मेट्रो में सभी को मास्क लगाना अनिवार्य होगा।उपमुखमंत्री ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में काम करने वाले अब घर से काम करेंगे जबकि प्राइवेट दफ़्तरों को पचास फ़ीसदी क्षमता से खोलने का फ़ैसला लिया गया है।उन्होंने कहा कि घबराने की जरुरत नहीं है और बहुत आवश्यक कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकलें। कोरोना के नियमों का सख़्ती से पालन करें और मास्क लगाएँ।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। इस बात की जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट करके दी है। अपने ट्वीट में केजरीवाल ने लिखा है कि जो भी मेरे संपर्क में आए हैं वे अपना टेस्ट जरूर करवा लें। लक्षण हल्के हैं। उन्होंने लिखा कि मैंने खुद को होम आइसोलेट कर लिया है। उत्तर-पूर्व दिल्ली से सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता मनोज तिवारी भी कोरोना संक्रमित पाए गए है।श्री तिवारी ने मंगलवार को ट्वीट किया, “परसों (2 जनवरी) रात से ही अस्वस्थ महसूस कर रहा था।हल्का बुखार और ज़ुकाम होने के कारण कल उत्तराखंड – रूद्रपुर प्रचार में भी नहीं जा पाया था..टेस्ट में आज पॉज़िटिव आया हूँ.. सतर्कता बरतते हुए अपने आप को कल ही आइसोलेट कर लिया था। कृपया अपना और अपने परिवार का ध्यान रखें।
केंद्र सरकार में भारी उद्योग मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वह रविवार रात सीने में दर्द होने पर कौशांबी स्थित यशोदा अस्पताल में भर्ती हुए थे। इस बीच हुई आरटीपीसीआर जांच में उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। खून की जांच रिपोर्ट में कोविड संक्रमण बढ़ा हुआ पाया गया है। सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधार को भी रिपोर्ट भेजी जा चुकी है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनुज अग्रवाल ने बताया कि 64 वर्षीय डॉ महेंद्र नाथ पांडेय को पिछले तीन दिन से बुखार, सर्दी, खांसी, गले में खराश, सीने में बाईं तरफ दर्द होने पर रात 2:30 बजे अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के प्रवक्ता गौरव पांडेय ने बताया कि कैबिनेट मंत्री अस्पताल के कोविड आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं। उनका इलाज रेस्परेटिरी एवं क्रिटिकल केयर टीम के वरिष्ठ डॉक्टर आरके मणि, डॉ. केके पांडे, डॉ. अर्जुन खन्ना और डॉ. अंकित सिन्हा न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. सुमंतो चटर्जी, फिजिशियन डॉ. एपी सिंह कर रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार उनकी सघन निगरानी की जा रही है और उनकी हालत अभी स्थिर है।



