यूपी में 15 से 17 साल के सभी किशोरों को मिल गई टीके की पहली डोज
34.2 करोड़ टीकाकरण कर यूपी भारत के वैक्स ड्राइव का कर रहा नेतृत्व.510 लोगों ने दी संक्रमण को मात, 2,206 लोग होम आइसोलेशन में.
लखनऊ :उत्तर प्रदेश सरकार कोरोना संक्रमण को मात देने के लिए बेहतरीन रणनीति के तहत काम कर रही है। जिसका परिणाम है कि योगी सरकार ने बुधवार को टीकाकरण में एक नया रिकॉर्ड बनाया है। राज्य में 15-17 आयु वर्ग के बच्चों को 100 प्रतिशत टीके की पहली डोज दी जा चुकी है। प्रदेश में 34 करोड़ से अधिक टीके की डोज देने के साथ ही टीकाकरण अभियान में दूसरे प्रदेशों की तुलना में पहले पायदान पर अपना स्थान बनाए हुए है। सर्वाधिक आबादी वाले यूपी में सर्वाधिक टीके की डोज देकर देश में यूपी टीकाकरण अभियान का सफलतापूर्वक नेतृत्व कर रहा है।
प्रदेशवासियों को टीके का कवच देने के लिए सीएम की ओर से आला अधिकारियों को समय समय पर दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। यही कारण है कि यूपी पहला प्रदेश है जहां कम समय में सबसे ज्यादा टीकाकरण किया गया है। प्रदेश में बुधवार को 34,20,23,694 टीके की डोज दी जा चुकी है। जिसमें 17,57,52,284 को पहली डोज और 16,26,27,973 को दूसरी डोज दी जा चुकी है। अब तक यूपी में 36,43,437 को प्रीकॉशन डोज दी जा चुकी है। प्रदेश में अब तक 15-17 आयु वर्ग के बच्चों को 2,64,31,699 से अधिक टीके की खुराक दी जा चुकी है, जिससे इस आयु वर्ग के 100 प्रतिशत लोगों को पहली डोज दी जा चुकी है और उनमें से 88.5 प्रतिशत से अधिक को अब तक पूरी तरह से टीकाकवर दिया जा चुका है। राज्य में 12-14 आयु वर्ग के बच्चों को 1,44,95,214 से अधिक टीके की डोज दी जा चुकी है। इस श्रेणी में लगभग 97.4 प्रतिशत ने पहली डोज और 73.7 प्रतिशत से अधिक को पूरी तरह से टीकाकवर दिया गया है।
510 लोगों ने दी संक्रमण को मात, 2,206 लोग होम आइसोलेशन में
प्रदेश सरकार की संवेदनशीलता का ही असर है कि 24 करोड़ आबादी वाले प्रदेश में अस्पतालों में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या न के बराबर है। संक्रमित मरीजों को उनके घर पर ही सारी सेवाएं सरकार की ओर से पहुंचाई जा रही हैं। संक्रमितों की 24 घटें की मॉनिटरिंग, दवाओं की उपलब्धता, टेस्ट, सैनिटाइजेशन के साथ ही उस इलाके में कोविड गाइडलाइन का पालन कड़ाई से कराया जा रहा है। जिसका परिणाम है कि प्रदेश के हालात बेहतर हैं। प्रदेश में पॉजिटिविटी दर न्यूनतम है। प्रदेश में कुल एक्टिव केस की संख्या 2,401 है। बीते 24 घंटों में 78 हजार से अधिक टेस्ट किए गए और 345 नए कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई। इस बीच 24 घंटों में 510 लोगों ने संक्रमण को मात दी। प्रदेश में 2,206 लोग होम आइसोलेशन में हैं।



