HealthState

कोरोना की चपेट में आए 10 मंत्री और 20 विधायक

मुंबई । कोरोना की चपेट में महाराष्ट्र के 10 मंत्री और 20 विधायक आ चुके हैं। इसकी जानकारी राज्य के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने दी है। पवार ने कहा कि राज्य में कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ती जा रही है। अगर इसपर ब्रेक नहीं लगती है तो हमें कोई कठोर कदम उठाना होगा। पवार की यह चेतावनी तब आई है जब महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोरोना के 8,067 ताजा मामले सामने आए हैं, जो कि गुरुवार की तुलना में 50 फीसदी अधिक है।

अजित पवार ने कहा कि मंत्रियों और विधायकों में संक्रमण फैलने के बाद हमने हाल ही में विधानसभा सत्र को छोटा कर दिया है। अब तक, 10 से अधिक मंत्रियों और 20 से अधिक विधायकों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। हर कोई नए साल, जन्मदिन और अन्य अवसरों के जश्न का हिस्सा बनना चाहता है। ध्यान रखें कि नया संस्करण ( ओमिक्रॉन) तेजी से फैलता है और इसलिए सावधानी बरतने की जरूरत है। पीएम नरेंद्र मोदी ने अपील की है और कुछ राज्यों ने रात के कर्फ्यू की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में खासकर मुंबई और पुणे में मामले बढ़ रहे हैं।

महाराष्ट्र के मराठावाड़ा क्षेत्र में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 61 नये मामले दर्ज किये गये और एक की मौत हुई है।स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। मराठवाड़ा क्षेत्र के आठ जिलों के मुख्यालयों से यूनीवार्ता द्वारा संग्रहित किए गए आंकड़ों के मुताबिक इस क्षेत्र के औरंगाबाद जिले में 18 मामले और एक की मौत होने की पुष्टि हुई है। वहीं लातूर में 18 मामले दर्ज किये गये। उस्मानाबाद में 9 मामले, परभणी में 6 मामले, नांदेड़ में 4 मामले और जालना, बीड और हिंगोली में क्रमशः 2-2 मामले दर्ज किये गये हैं।

इस बीच, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य भर में कोविड​​​​-19 के 8,067 नये मामले दर्ज किये गये और इसके साथ ही राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 66,78,821 हो गयी है।राज्य में इस दरमियान 8 और मौतें दर्ज की हैं, जिससे मरने वालों की संख्या 1,41,526 तक पहुंच गयी है।पिछले 24 घंटे में राज्य में 1,766 मरीज कोरोना से ठीक हुये हैं, जिससे कुल ठीक होने वालों की तादात 65,09,096 हो गयी है। वर्तमान में रिकवरी दर 97.55 प्रतिशत है जबकि मृत्यु दर 2.11 प्रतिशत है।स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में पूरे महाराष्ट्र में 24,509 सक्रिय मामले हैं, जिनका विभिन्न कोविड​​​​-19 केंद्रों और अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

मरीजों की संख्या में तेजी आएगी तो सख्त प्रतिबंध लगाएंगे: पवार

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मरीजों की बढ़ती संख्या पर नजर रख रही है। उन्होंने कहा कि अगर मरीजों की संख्या में वृद्धि जारी रहती है तो सख्त प्रतिबंध होंगे। सख्त प्रतिबंध से बचने के लिए सभी को मानदंडों का पालन करना चाहिए।

महाराष्ट्र में कोरोना बेकाबू

महाराष्ट्र में कोरोना के मामलों में दिन पर दिन तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। राज्य में शुक्रवार को कोरोना वायरस के 8067 नए केस सामने आए थे। इनमें ओमिक्रॉन वैरिएंट के भी चार मामले शामिल हैं। राज्य के स्वास्थ्य विभाग की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार की तुलना में शुक्रवार को करीब 2700 अधिक केस सामने आए हैं।

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button