
वाराणसी। विकास प्राधिकरण आजकल सारनाथ, रामनगर ,रोहनिया, लंका ,शिवपुर समेत कई इलाकों में लगातार अवैध कालोनियों के खिलाफ अभियान चला रहा है। इसी क्रम में आज रोहनिया थाना अंतर्गत भुल्लनपुर पीएससी ग्राउंड के पीछे मौजा हरिहर पुर में 100 एकड़ में चल रहे अवैध प्लाटिंग की बाउंड्री पर विकास प्राधिकरण का बुलडोजर चला, जिससे इलाके में हड़कंप मचा रहा। दशाश्वमेध वार्ड के अंतर्गत आने वाले इस इलाके में लंबे समय से अवैध प्लाटिंग कर जमीन के कॉलोनाइजर्स खूब चांदी काट रहे थे ,जबकि वीडीए का लैंड बैंक लगभग शून्य के कगार पर है। इस बात की सूचना मिलने पर वीडीए उपाध्यक्ष ने वहां कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। इसी के मद्देनजर आज जोनल अधिकारी परमानंद यादव, वीरेंद्र प्रताप मिश्रा, अवर अभियंता चंद्रभान दीक्षित ,पीएन दुबे की मौजूदगी में उड़ाका दल सदल बल वहां पहुंचा। देखते ही देखते एक ,एक कर इलाके में हुए कई बाउंड्री को जमींदोज कर दिया गया। इस कार्रवाई से जहां पैसा लगाकर जमीन खरीदने वाले सीधे सादे लोग अपने को ठगा महसूस कर रहे थे ,वही आसपास के इलाकों में चल रही अवैध कालोनियों के कर्ता धर्ताओ में हड़कंप मचा रहा। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



