वाराणसी । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 9 नवंबर को सुबह 10:30 बजे वाराणसी में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 614 करोड़ रुपये है। प्रधानमंत्री इस आयोजन के दौरान इन परियोजनाओं के लाभार्थियों के साथ बातचीत भी करेंगे। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहेंगे।
जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया जायेगा उनमें सारनाथ लाइट एंड साउंड शो, लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल रामनगर का उन्नयन, सीवरेज संबंधित कार्य, गायों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए बुनियादी ढांचागत सुविधाओं का प्रबंध, बहुउद्देशीय बीज भंडार गृह, 100 मीट्रिक टन कृषि उपज क्षमता वाले गोदाम, आईपीडीएस चरण-2, संपूर्णानंद स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिये एक आवास, वाराणसी शहर के स्मार्ट लाइटिंग कार्य, 105 आंगनवाड़ी केंद्र और 102 गौ आश्रय केंद्र शामिल हैं। आयोजन के दौरान, प्रधानमंत्री दशाश्वमेध घाट और खिड़किया घाट का पुनर्विकास, पीएसी पुलिस बल के लिए
बैरक, काशी के कुछ वार्डों का पुनर्विकास, बनिया बाग में पार्क के पुनर्विकास के साथ पार्किंग सुविधा, गिरिजा देवी संस्कृत शंकुल में बहुउद्देश्यीय हॉल के उन्नयन सहित शहर में सड़कों की मरम्मत और पर्यटन स्थलों के विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे।
प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में वर्तमान में लगभग 9000 हजार करोड़ रुपये की 135 परियोजनायें निर्माणाधीन हैं। अब तक उनके द्वारा वाराणसी के लिए 8500 करोड़ रुपये लागत की 157 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया जा चुका है। वाराणसी में बीएचयू कैंसर सेन्टर व लहरतारा कैंसर सेन्टर का निर्माण कराया गया है। इन दोनों चिकित्सालयों में अब तक तीन लाख से अधिक रोगियों का इन्वेस्टिगेशन व हजारों रोगियों का रजिस्ट्रेशन, सर्जरी, कीमोथेरेपी, रेडियोथेरिपी व रेडियो डाइग्नोसिस किया जा चुका है। बीएचयू में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, 150 शैया का सुपरस्पेशियलिटी ई.एस.आई.सी. अस्पताल बना है। आयुर्वेदिक काॅलेज का निर्माण, जिला महिला चिकित्सालय में 100 शैय्या के मैटरनिटी विंग तथा बीएचयू में वैदिक विज्ञान केन्द्र की स्थापना आदि के कार्य हुए। वाराणसी शहर में नगर निगम द्वारा विभिन्न अवस्थापना एवं विकास कार्य कराये गये।
इनमें इंटीग्रेटेड कमाण्ड कन्ट्रोल सेन्टर का निर्माण, विभिन्न जलाशयों का सौन्दर्यीकरण, हेरिटेजपोल लाइट, विभिन्न कुण्डों का जीर्णोद्धार, गंगा घाटों का हेरिटेज विकास, विभिन्न पार्को का सुन्दरीकरण आदि प्रमुख हैं। इसके अलावा, वाराणसी जिले में वर्तमान में लगभग 9000 हजार करोड़ रुपये की सड़क, सेतु निर्माण, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, पेयजल एवं जल निकासी, ऊर्जा, गंगा उद्योग एवं रोजगार, आवास एवं भवन निर्माण, स्मार्टसिटी योजना के तहत नगरीय सुविधाओं के विकास की 135 परियोजनायें निर्माणाधीन हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री काशी से हल्दिया तक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दो क्रूज का भी शुभारम्भ करेंगे। इससे पर्यटन के साथ लोगों को गंगा किनारे वाले जिलों में आवागमन के सुलभ संसाधन उपलब्ध हो सकेंगे।



