काशी में छठ पूजा और देव दीपावली की तैयारी तेज, महापौर और नगर आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश
वाराणसी में डाला छठ और देव दीपावली की तैयारियों को लेकर नगर निगम ने कमर कस ली है। महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने नमो घाट से सामने घाट, रामनगर, वरुणा नदी के घाटों और तालाबों पर सुरक्षा, सफाई, लाइटिंग तथा चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दलदली स्थानों पर बालू की बोरियां रखने और आवारा पशुओं पर रोक लगाने को कहा गया। विकास कार्यों में लापरवाही पर कार्रवाई होगी।
वाराणसी : आगामी महापर्व डाला छठ और देव दीपावली को लेकर नगर निगम पूरी तरह सक्रिय हो गया है। निगम सभागार में मंगलवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की संयुक्त अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के सभी प्रमुख घाटों, कुंडों और तालाबों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। बैठक की शुरुआत में महापौर ने वर्षा जलभराव, दुर्गापूजा, रामनगर रामलीला, भरत मिलाप और एअर शो के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले सभी अधिकारियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके बाद उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अब सभी अधिकारियों का पूरा फोकस आगामी दो महत्वपूर्ण पर्वों.डाला छठ और देव दीपावली की तैयारियों पर होना चाहिए।
घाटों और कुंडों के निरीक्षण के कड़े निर्देश
महापौर ने सभी जोनल अधिकारियों को अपने-अपने जोन का नोडल अधिकारी नियुक्त करते हुए जिम्मेदारी सौंपी है। निर्देश दिए गए हैं कि नमो घाट से सामने घाट तक, रामनगर क्षेत्र के घाटों, वरुणा नदी के पक्के घाटों और नगर क्षेत्र के सभी कुंडों व तालाबों का बारीकी से निरीक्षण किया जाए। यदि कहीं भी टूट-फूट, मलबा या गंदगी मिलती है, तो उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाए। साथ ही, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में उच्च गुणवत्ता वाले चेंजिंग रूम स्थापित करने, आलोक विभाग द्वारा लाइटिंग की मुकम्मल व्यवस्था करने और घाटों पर दलदल वाले स्थानों पर बालू भरी बोरियां रखने के निर्देश दिए गए ताकि आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई: नगर आयुक्त
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सभी अभियंताओं और स्वास्थ्य निरीक्षकों को कड़े निर्देश दिए कि वे पूरी तरह सजग रहें और क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि घाटों पर कोई भी छुट्टा पशु विचरण करते न दिखे; ऐसा पाए जाने पर तुरंत पकड़कर जुर्माना लगाया जाए। जोनल स्वच्छता अधिकारियों को नाव और पैदल गश्त कर घाटों पर साफ-सफाई की अनवरत मॉनिटरिंग करने को कहा गया है।
सोनिया तालाब, ककरमत्ता तालाब, जेपी मेहता एथलीट प्ले ग्राउंड और पद्म पुरस्कार विजेताओं की गलियों के सौंदर्यीकरण का कार्य हर हाल में 15 दिसंबर तक पूरा करने की सख्त चेतावनी
समीक्षा बैठक के दौरान महापौर ने स्मार्ट सिटी के मुख्य अभियंता से सोनिया तालाब के सौंदर्यीकरण की प्रगति की जानकारी ली। कार्य में देरी पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने ककरमत्ता तालाब, जेपी मेहता एथलीट प्ले ग्राउंड और पद्म पुरस्कार विजेताओं की गलियों के सौंदर्यीकरण का कार्य हर हाल में 15 दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र के अधीन धीमी गति से चल रहे गली सौंदर्यीकरण कार्यों पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए भी संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए। बैठक में अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र, महाप्रबंधक जलकल अनूप सिंह, सचिव जलकल सहित सभी जोनल अधिकारी, अधिशासी, सहायक व अवर अभियंता तथा जोनल स्वच्छता अधिकारी उपस्थित रहे।
नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त को नामित किया ओवरऑल नोडल अधिकारी, बनाई रूपरेखा
आगामी छठ पर्व के दौरान गंगा घाटों व विभिन्न पूजा स्थलों पर जुटने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा को लेकर नगर निगम प्रशासन ने पूरी रूपरेखा तैयार कर ली है। पर्व के अवसर पर किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए निगम ने शहर के सभी जोनल क्षेत्रों में सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा के कड़े प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा को इस पूरी व्यवस्था के लिए ओवरऑल नोडल अधिकारी नामित किया है, ताकि सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जा सकें। छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए निगम द्वारा सभी घाटों और पूजा स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है।
जोनल अधिकारियों और स्वच्छता अधिकारियों को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे घाटों की समुचित सफाई, सिल्ट हटाने, मलबे और अनावश्यक सामग्री को तुरंत हटाने का काम प्राथमिकता से पूरा करें। इसके साथ ही प्रवेश और निकास मार्गों तथा सम्पर्क मार्गों पर भी कूड़ा एकत्र न होने देने के निर्देश दिए गए हैं ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को साफ-सुथरा माहौल मिल सके। श्रद्धालुओं की मूलभूत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जलकल विभाग को सभी प्रमुख घाटों और पूजा स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल और वाटर टैंकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
आलोक विभाग द्वारा घाटों, पहुंच मार्गों और सम्पर्क रास्तों पर स्ट्रीट लाइट व हाईमास्ट लाइटों को ठीक कराने के साथ ही अस्थायी प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इसके अलावा महिलाओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम और मोबाइल टॉयलेट भी स्थापित किए जा रहे हैं। पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
नगर निगम ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे गंगा घाटों और अन्य जलाशयों के पास पानी की गहराई का आकलन कर खतरनाक स्थलों को चिन्हित करें। ऐसे संवेदनशील स्थानों पर मजबूत बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेतक लगाए जाएंगे ताकि कोई भी श्रद्धालु या बच्चा गहरे पानी में न जा सके। साथ ही, निराश्रित पशुओं के नियंत्रण के लिए पशु चिकित्सा विभाग की टीमों को भी तैनात किया गया है ताकि किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
कारसेवकों पर गोलीकांड को लेकर गरमाई यूपी की सियासत, सनातन पांडेय के बयान पर भाजपा का पलटवार



