‘आतंकियों के लिए आंसू, शहीदों के लिए खामोशी क्यों?’ बृजलाल का सोनिया गांधी से खड़गे तक पर तीखा हमला
भाजपा के राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी बृजलाल ने कांग्रेस और गांधी-नेहरू परिवार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बाबरी ढांचा विध्वंस, बाटला हाउस मुठभेड़, कश्मीरी पंडितों के पलायन, नेल्ली नरसंहार और सिख विरोधी दंगों का मुद्दा उठाया। साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा दीपावली की ईद से तुलना किए जाने पर आपत्ति जताई। बृजलाल ने कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने और आतंकवाद के मुद्दे पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया।
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक एवं भाजपा के राज्यसभा सांसद बृजलाल ने कांग्रेस और गांधी-नेहरू परिवार पर तीखा हमला बोलते हुए उनकी राजनीतिक विचारधारा और कथित तुष्टीकरण की नीति पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने बाबरी ढांचा विध्वंस, बाटला हाउस मुठभेड़, कश्मीरी पंडितों के पलायन, नेल्ली नरसंहार और 1984 के सिख विरोधी दंगों का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व ने अलग-अलग घटनाओं पर दोहरे मानदंड अपनाए हैं। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा दीपावली की तुलना ईद से किए जाने पर भी आपत्ति जताते हुए इसे सनातन परंपरा और हिंदुओं की आस्था का अपमान बताया।
बृजलाल ने सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि बाबरी ढांचा विध्वंस के दृश्य देखकर उनके रोने की बात कही जाती है। इसी तरह बाटला हाउस मुठभेड़ में आतंकियों के मारे जाने पर भी संवेदना जताने के दावे किए गए, लेकिन इस कार्रवाई में शहीद हुए दिल्ली पुलिस के इंस्पेक्टर मोहन चंद शर्मा की शहादत पर कांग्रेस नेतृत्व की वैसी संवेदना सामने नहीं आई। उन्होंने सवाल उठाया कि आतंकियों के मारे जाने पर दुख जताने वाले नेताओं ने आतंकवादी हमलों में मारे गए निर्दोष भारतीयों और उनके परिवारों के प्रति वैसी संवेदनशीलता क्यों नहीं दिखाई?
पूर्व डीजीपी ने बाटला हाउस मुठभेड़ को लेकर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह सहित अन्य नेताओं की ओर से उठाए गए सवालों की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान पुलिस बल के मनोबल को प्रभावित करते हैं और शहीद अधिकारी के सम्मान को ठेस पहुंचाते हैं। उन्होंने वाराणसी के संकटमोचन मंदिर, दशाश्वमेध घाट सहित दिल्ली, जयपुर, अहमदाबाद और हैदराबाद में हुए आतंकी हमलों का जिक्र करते हुए कहा कि इन घटनाओं में अनेक निर्दोष लोगों की जान गई, लेकिन उनके परिवारों की पीड़ा को लेकर कांग्रेस नेतृत्व की संवेदनशीलता कहां थी?
बृजलाल ने कश्मीर घाटी में कश्मीरी पंडितों की लक्षित हत्याओं और बड़े पैमाने पर हुए पलायन का मुद्दा उठाते हुए गांधी-नेहरू परिवार से सवाल किया कि कश्मीरी मूल का होने का दावा करने वाले इस परिवार ने विस्थापित कश्मीरी पंडितों के दर्द को लेकर क्या किया? उन्होंने टीका लाल टपलू, न्यायाधीश नीलकंठ गंजू, सतीश टिक्कू, लासा कौल और गिरिजा टिक्कू जैसे पीड़ितों का उल्लेख किया। इसके साथ ही असम के नेल्ली नरसंहार और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद हुए सिख विरोधी दंगों को लेकर भी कांग्रेस की भूमिका पर सवाल उठाए।
उन्होंने इंदिरा गांधी की काबुल यात्रा और बाबर की समाधि पर जाने के प्रसंग का उल्लेख करते हुए गांधी परिवार की राजनीतिक प्राथमिकताओं पर भी निशाना साधा। बृजलाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की तुष्टीकरण की राजनीति ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय हितों को नुकसान पहुंचाया है।
दीपावली की ईद से तुलना पर खड़गे को घेरा
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा दीपावली की तुलना ईद से किए जाने पर बृजलाल ने कहा कि दीपावली हिंदुओं की आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा का महापर्व है। इसकी ईद से तुलना करना सनातनियों की भावनाओं का अपमान है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष को नसीहत देते हुए कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति में इतना नीचे नहीं गिरना चाहिए कि किसी धर्म के विशिष्ट पर्व और उसकी परंपराओं की पहचान ही समाप्त कर दी जाए।
बृजलाल ने खड़गे के परिवार के साथ वर्ष 1948 में कर्नाटक के वरवट्टी गांव में हुई घटना का उल्लेख करते हुए दावा किया कि निजाम के रजाकारों ने उनके परिवार के घर को जला दिया था। इस घटना में खड़गे की मां, बहन और परिवार के अन्य सदस्यों की हत्या कर दी गई थी। उन्होंने कहा कि खड़गे के पिता मपन्ना खड़गे उन्हें किसी तरह बचाकर गांव से बाहर ले गए थे। बृजलाल ने सवाल किया कि खड़गे इस घटना का उल्लेख करते समय रजाकारों का नाम लेने से क्यों बचते हैं? क्या उन्हें राहुल गांधी और सोनिया गांधी की नाराजगी का डर है?
आतंकी संगठनों पर खड़गे की चुप्पी पर सवाल
पूर्व डीजीपी ने इंडियन मुजाहिदीन के संस्थापकों रियाज और इकबाल भटकल का उल्लेख करते हुए कहा कि इस संगठन के पाकिस्तान की आईएसआई और लश्कर-ए-तैयबा से संबंध रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के विभिन्न हिस्सों में हुए कई आतंकी धमाकों में इस संगठन की भूमिका रही और इन हमलों में बड़ी संख्या में निर्दोष भारतीयों की जान गई। उन्होंने यासीन भटकल को सुनाई गई फांसी की सजा का भी उल्लेख किया और सवाल उठाया कि आतंकवाद जैसे गंभीर मुद्दों पर खड़गे खुलकर क्यों नहीं बोलते?
बृजलाल ने कहा कि देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा से जुड़े विषयों पर राजनीतिक स्वार्थ से ऊपर उठकर बात होनी चाहिए। आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता और निर्दोष नागरिकों की हत्या किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकती। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व पर आरोप लगाया कि वह राजनीतिक लाभ के लिए संवेदनशील मुद्दों पर चयनात्मक प्रतिक्रिया देता है। साथ ही लोगों से कांग्रेस के राजनीतिक इतिहास, उसके नेताओं के बयानों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में उनके रवैये का निष्पक्ष मूल्यांकन करने की अपील की।
राममय हुई अयोध्या: 56 घाटों पर जले 36 लाख से अधिक दीप, उपराष्ट्रपति और CM योगी ने की सरयू आरती



