UP Live

पहल: धनतेरस पर प्रदेश की सभी मंडियों में मनेगा दीपोत्सव, किसानों-व्यापारियों का होगा सम्मान

उत्तर प्रदेश में योगी सरकार किसान कल्याण, स्वच्छता और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए नई पहल कर रही है। धनतेरस 6 नवंबर 2026 को प्रदेश की सभी मंडियों में ‘स्वच्छ मंडी-शुभ मंडी अभियान’ के तहत दीपोत्सव आयोजित होगा। किसानों और व्यापारियों को सम्मानित करने के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा से अब बाजार रात में भी गुलजार हैं और व्यापार को नए अवसर मिल रहे हैं।

लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार किसान कल्याण, स्वच्छता और मंडियों में बेहतर व्यापारिक वातावरण विकसित करने की दिशा में जनभागीदारी को बढ़ावा दे रही है। इसी क्रम में मंडी परिषद द्वारा संचालित ‘स्वच्छ मंडी-शुभ मंडी अभियान’ के अंतर्गत 6 नवंबर 2026 को धनतेरस के अवसर पर प्रदेश की सभी मंडी समितियों में दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस पहल के जरिए मंडियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने, किसानों एवं व्यापारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को लाभार्थियों तक पहुंचाने पर जोर दिया जाएगा।

मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने सभी मंडी समितियों को आयोजन के संबंध में निर्देश जारी किए हैं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, किसानों, व्यापारियों तथा मंडी समितियों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसका उद्देश्य मंडियों को केवल कृषि उपज के क्रय-विक्रय का केंद्र न रखकर स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सकारात्मक कार्यस्थल के रूप में विकसित करना तथा स्वच्छता को वर्षभर की कार्यसंस्कृति बनाना है।

किसान कल्याणकारी योजनाओं का होगा प्रचार-प्रसार
निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि योगी सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी अधिकाधिक लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए दीपोत्सव कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा। मंडी परिषद की मुख्यमंत्री कृषक कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को जनप्रतिनिधियों के माध्यम से धनराशि के चेक अथवा प्रारूप चेक वितरित कराए जाएंगे। इससे योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने और किसानों को उपलब्ध कल्याणकारी सुविधाओं की जानकारी देने में मदद मिलेगी।

स्वच्छता और बेहतर व्यापारिक व्यवहार को मिलेगा प्रोत्साहन
योगी सरकार की स्वच्छता एवं सुचारु व्यवस्था की प्राथमिकताओं के अनुरूप मंडियों में स्वच्छता अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले किसानों और व्यापारियों को सम्मानित किया जाएगा। समय से भुगतान करने वाले तथा व्यापारिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने वाले व्यापारियों को भी सम्मानित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए प्रशस्ति-पत्र और उपयुक्त सम्मान सामग्री की व्यवस्था स्थानीय स्तर पर की जा सकेगी। इस पहल का उद्देश्य मंडियों में स्वच्छता, जिम्मेदारी और बेहतर व्यापारिक व्यवहार को प्रोत्साहित करना है।

दीपों से सजेंगी मंडियां, उपलब्धियों की भी मिलेगी जानकारी
धनतेरस पर मंडियों को दीपों से सजाकर उत्साहपूर्ण और सकारात्मक वातावरण बनाया जाएगा। इस अवसर पर मंडी परिषद की कल्याणकारी योजनाओं और ‘स्वच्छ मंडी-शुभ मंडी अभियान’ के अंतर्गत संबंधित मंडी समितियों द्वारा किए गए प्रमुख कार्यों एवं उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार भी होगा। सरकार की मंशा के अनुरूप स्वच्छता को किसी एक आयोजन तक सीमित रखने के बजाय पूरे वर्ष मंडियों की नियमित व्यवस्था का हिस्सा बनाने पर जोर दिया जाएगा।

आयोजन के लिए मंडियों को वित्तीय स्वीकृति
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के लिए प्रत्येक ‘क’ विशिष्ट एवं ‘क’ श्रेणी की मंडी को 20 हजार रुपये तथा अन्य मंडियों को 10 हजार रुपये प्रति मंडी की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस राशि का व्यय निर्धारित वित्तीय प्रावधानों और नियमानुसार किया जाएगा।

नोडल अधिकारी करेंगे निगरानी, मुख्यालय को भेजनी होगी रिपोर्ट
सभी मंडी समितियों को दीपोत्सव, आयोजित गतिविधियों तथा सम्मानित किसानों एवं व्यापारियों की कार्यवाही का विवरण मंडी परिषद मुख्यालय को भेजना होगा। आयोजन के अनुश्रवण के लिए संबंधित संभाग के संभागीय उप निदेशक (प्रशासन/विपणन) को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। संबंधित उप निदेशक (निर्माण) आयोजन में आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। योगी सरकार की किसान कल्याण और स्वच्छता संबंधी प्राथमिकताओं से जुड़ी इस पहल के माध्यम से मंडियों में जनभागीदारी बढ़ाने, स्वच्छ वातावरण विकसित करने और किसानों-व्यापारियों को सम्मानित कर सकारात्मक कार्यसंस्कृति को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा।

अब रात में भी खुले रहते हैं बाजार, व्यवसाय के विस्तार के मिल रहे नए अवसर: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2017 के पश्चात रात में जगमगाते बाजारों को व्यापारी के विश्वास का प्रकाश बताया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर पूर्ववर्ती सरकार की कार्यपद्धति पर सवालिया निशान खड़ा किया। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले अपराध और असुरक्षा के कारण सूर्यास्त के साथ व्यापारिक गतिविधियां सीमित होने लगती थीं।

मातृशक्ति का आत्मविश्वास समाज की प्रगति का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने लिखा कि आज नए उत्तर प्रदेश में रात्रि के समय जगमगाते बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की रोशनी केवल व्यापार की नहीं, बल्कि व्यापारी के विश्वास का प्रकाश भी है। नाइट शिफ्ट में अपने कार्यस्थल पर निर्भय होकर दायित्व निभाती हमारी मातृशक्ति का आत्मविश्वास केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे समाज की प्रगति का प्रतीक है।

2017 से पहले महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंतित रहता था परिवार
मुख्यमंत्री ने बताया कि सुरक्षा और विश्वास का यह वातावरण उत्तर प्रदेश में सदैव नहीं था। वर्ष 2017 से पहले अपराध और असुरक्षा के कारण सूर्यास्त के साथ व्यापारिक गतिविधियां सीमित होने लगती थीं। देर रात तक कार्य करने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर परिवारों में चिंता बनी रहती थी।

डबल इंजन सरकार ने बदली परिस्थिति
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के यशस्वी मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने इस परिस्थिति को बदला। अपराध और अपराधियों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति ने कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ किया एवं महिला सुरक्षा को प्राथमिकता दी। आज बाजार रात में भी खुले रहते हैं। व्यापारियों को व्यवसाय के विस्तार के नए अवसर मिल रहे हैं और हमारी बेटियां सुरक्षित वातावरण में अपनी प्रतिभा एवं परिश्रम से आगे बढ़ रही हैं।

‘सुरक्षा से समृद्धि’ की ओर अग्रसर ‘नया उत्तर प्रदेश’
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 में प्रदेश की महिला श्रम बल भागीदारी लगभग 13 प्रतिशत थी, जो अब बढ़कर 36 प्रतिशत हो चुकी है। यह मातृशक्ति के बढ़ते आत्मविश्वास, आर्थिक सामर्थ्य और स्वावलंबन की सशक्त अभिव्यक्ति है। यह ‘सुरक्षा से समृद्धि’ की ओर अग्रसर ‘नए उत्तर प्रदेश’ की नई पहचान है।

धान खरीद 2026-27: यूपी के किसानों को बड़ी राहत, 2461 प्रति कुंतल MSP और 48 घंटे में भुगतान

रेल यात्रियों के लिए खुशखबरी: वाराणसी-दिल्ली के बीच शुरू होगी वंदे भारत स्लीपर, जानिए पूरा टाइम टेबल

Related Articles

Back to top button