National

पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री से कला, खेल, राजनीति, साहित्य और समाज सेवा की विभूतियां होंगी सम्मानित

केंद्र सरकार ने 77वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर वर्ष 2026 के पद्म पुरस्कारों की घोषणा की है। इस वर्ष कुल 131 हस्तियों को पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री से सम्मानित किया जाएगा। इनमें 19 महिलाएं और छह विदेशी नागरिक या प्रवासी भारतीय शामिल हैं। 16 विभूतियों को यह सम्मान मरणोपरांत दिया जाएगा। पुरस्कार मार्च-अप्रैल में राष्ट्रपति द्वारा विशेष समारोह में प्रदान किए जाएंगे।

नई दिल्ली :  केंद्र सरकार ने 77वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर वर्ष 2026 के पद्म पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कुल 131 विभूतियों को देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मानों से अलंकृत करने की स्वीकृति प्रदान की है। इनमें पांच को पद्म विभूषण, 13 को पद्म भूषण तथा 113 को पद्म श्री देने की घोषणा की गई है। इस सूची में 19 महिलाएं, छह विदेशी नागरिक/प्रवासी भारतीय (NRI/OCI) शामिल हैं, जबकि 16 पुरस्कार मरणोपरांत प्रदान किए जा रहे हैं।

पद्म विभूषण (देश का दूसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान)

सरकार ने जिन पांच हस्तियों को पद्म विभूषण देने की घोषणा की है, उनमें शामिल हैं:

  • वी.एस. अच्युतानंदन (मार्क्सवादी नेता एवं केरल के पूर्व मुख्यमंत्री) – मरणोपरांत
  • धर्मेंद्र (प्रख्यात फिल्म अभिनेता) – मरणोपरांत
  • न्यायमूर्ति के. टी. थॉमस (उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश)
  • पी. नारायणन (मलयालम साहित्यकार)
  • एन. राजम (विश्व प्रसिद्ध वायलिन वादक, उत्तर प्रदेश)

पद्म भूषण

पद्म भूषण के लिए चुनी गई 13 हस्तियों में प्रमुख नाम हैं:

  • शिबू सोरेन (झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं झामुमो संस्थापक) – मरणोपरांत
  • भगत सिंह कोश्यारी (उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री)
  • अलका याग्निक (प्रसिद्ध पार्श्व गायिका)
  • उदय कोटक (प्रख्यात बैंकर)
  • विजय अमृतराज (पूर्व टेनिस स्टार, अमेरिका)
  • ममूटी (मलयालम फिल्मों के वरिष्ठ अभिनेता)
  • विजय कुमार मल्होत्रा (पूर्व केंद्रीय मंत्री) – मरणोपरांत
  • पीयूष पांडे (विज्ञापन जगत के प्रसिद्ध ऐड गुरु) – मरणोपरांत
  • इसके अतिरिक्त चिकित्सा, समाज सेवा, भजन गायन और शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े कई प्रतिष्ठित नाम भी सूची में शामिल हैं।

पद्म श्री

इस वर्ष पद्म श्री से 113 हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें खेल, विज्ञान, लोककला, साहित्य, समाज सेवा, चिकित्सा, रंगमंच और शिक्षा जैसे विविध क्षेत्रों से जुड़े नाम शामिल हैं। प्रमुख नामों में-

  • रोहित शर्मा (क्रिकेटर)
  • सविता पुनिया (भारतीय हॉकी टीम की खिलाड़ी)
  • अशोक खरे (उद्योग)
  • अशोक कुमार हलदर (बांग्ला साहित्य)
  • भिकल्या लाडक्या धिंडा (तारपी वादक)
  • अंके गौड़ा (कर्नाटक – पुस्तकालय अभियान, ‘पुस्तकमाने’ के संस्थापक)
  • अर्मिडा फर्नांडिस (महाराष्ट्र – शिशु रोग विशेषज्ञ)
  • भगवानदास रायकवाड़ (मध्य प्रदेश – बुंदेली युद्धकला प्रशिक्षक)
  • भरत सिंह भारती (बिहार – भोजपुरी लोकगायक)
  • बृजलाल भट्ट (जम्मू-कश्मीर – समाजसेवा)
  • बुधरी ताती (छत्तीसगढ़ – समाजसेवा)
  • चरण हेम्ब्रम (ओडिशा – संथाली लेखक)
  • दीपिका रेड्डी (तेलंगाना – कुचिपुडी नृत्यांगना)
  • धार्मिक लाल चुन्नीला पांड्या (गुजरात – रंगकर्मी)
  • हरमनप्रीत कौर भुल्लर (पंजाब – क्रिकेटर)
  • आर. माधवन (फिल्म अभिनेता)
  • जी. बाबू राजेन्द्र प्रसाद (तेलुगू फिल्म अभिनेता)

जैसे अनेक नाम शामिल हैं।

राज्यों के अनुसार वितरण

पद्म पुरस्कार पाने वालों में राज्यों के अनुसार व्यापक प्रतिनिधित्व देखने को मिला है।

  • महाराष्ट्र से 15, तमिलनाडु से 14,
  • पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश से 11-11,
  • केरल और कर्नाटक से 8-8,
  • तेलंगाना से 7,
  • असम और गुजरात से 5-5,
  • ओडिशा, मध्य प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान और आंध्र प्रदेश से 4-4,
  • बिहार, पंजाब, नागालैंड और छत्तीसगढ़ से 3-3,
  • जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हरियाणा से 2-2,

जबकि त्रिपुरा, उत्तराखंड, चंडीगढ़, पुडुचेरी और हिमाचल प्रदेश से एक-एक हस्ती को सम्मानित किया गया है।

मार्च-अप्रैल में होगा सम्मान समारोह

सरकारी बयान के अनुसार, पद्म पुरस्कारों का औपचारिक अलंकरण राष्ट्रपति द्वारा मार्च-अप्रैल 2026 में राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष समारोह में किया जाएगा। ये पुरस्कार कला, साहित्य, चिकित्सा, उद्योग-व्यापार, लोक जीवन, समाज सेवा, शिक्षा, विज्ञान और खेल जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट और विशिष्ट योगदान के लिए प्रदान किए जाते हैं।

सरकार ने कहा है कि इस वर्ष भी “साधारण भारतीयों द्वारा किए गए असाधारण योगदान” को सम्मानित करने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए देश के कोने-कोने से विविध क्षेत्रों के कर्मयोगियों को पद्म सम्मानों से नवाजा गया है।(वार्ता)

गणतंत्र दिवस 2026: राष्ट्रपति का राष्ट्र के नाम संदेश, विकसित भारत और नारी शक्ति पर विशेष जोर

12 बजे तक सोने वाले बबुआ को नहीं थी गरीबों की चिंता: सीएम योगी

BABA GANINATH BHAKT MANDAL  BABA GANINATH BHAKT MANDAL

Related Articles

Back to top button