जगदीप धनखड़ का उप राष्ट्रपति पद से इस्तीफा मंजूर
राज्य सभा में विपक्ष के हंगामे के बीच दी गयी धनखड़ के इस्तीफे की औपचारिक सूचना.मोदी ने धनखड़ के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की.
नयी दिल्ली : श्री जगदीप धनखड़ का उप राष्ट्रपति पद से इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है।श्री धनखड़ ने सोमवार देर शाम स्वास्थ्य कारणों से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा देते हुए अपना त्यागपत्र राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को भेज दिया था। गृह मंत्रालय ने श्री धनखड़ के त्याग पत्र को सार्वजनिक करते हुए मंगलवार को अधिसूचना जारी कर दी।राज्यसभा में पीठासीन उप सभापति घनश्याम तिवाड़ी ने सदस्यों को सूचित किया कि गृह मंत्रालय ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर श्री धनखड़ के इस्तीफे की जानकारी प्रकाशित कर दी है। उन्होंने कहा कि श्री धनखड़ ने संविधान के अनुच्छेद 67 (ए) के अंतर्गत अपना इस्तीफा दिया है। उपराष्ट्रपति राज्य सभा के पदेन सभापति भी होते हैं।उल्लेखनीय है कि इस अनुच्छेद के अनुसार उप-राष्ट्रपति राष्ट्रपति को संबोधित पत्र के द्वारा अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं और इसे तत्काल प्रभाव से स्वीकार माना जाता है।
राज्य सभा में विपक्ष के हंगामे के बीच दी गयी धनखड़ के इस्तीफे की औपचारिक सूचना
राज्य सभा को उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे की मंगलवार को औपचारिक सूचना दी गयी।पीठासीन उप सभापति घनश्याम तिवाड़ी ने पूर्वाह्न में स्थगन के बाद दोपहर 12 बजे सदन में प्रश्न-काल की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी दलों के सदस्यों के हंगामे और शोर शराबे के बीच उपराष्ट्रपति के इस्तीफे के बारे में केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा 22 जुलाई 2025 को जारी अधिसूचना की जानकारी दी।उन्होंने अधिसूचना का हवाला देते हुए संविधान के अनुच्छेद 67 (ए) के अंतर्गत उपराष्ट्रपति धनखड़ के इस्तीफे की सूचना दी। इस अनुच्छेद के अनुसार उप-राष्ट्रपति राष्ट्रपति को संबोधित अपने हाथ से लिखे पत्र के द्वारा अपने पद से इस्तीफा दे सकता है । यह इस्तीफा तुरंत स्वीकार माना जाएगा।उपराष्ट्रपति पदेन राज्य सभा के सभापति भी होते हैं।श्री धनखड़ ने सोमवार रात राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को अपना त्यागपत्र भेजा था। उन्होंने अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए देेश में दूसरे सर्वोच्च संवैधानिक पद को छोड़ने का फैसला किया है।
मोदी ने धनखड़ के अच्छे स्वास्थ्य की कामना की
श्री जगदीप धनखड़ के एक अप्रत्याशित घटनाक्रम में स्वास्थ्य कारणों से उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना की है।श्री मोदी ने मंगलवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि श्री धनखड़ को उपराष्ट्रपति सहित कई भूमिकाओं में देश की सेवा करने का अवसर मिला है ।प्रधानमंत्री ने अपनी पोस्ट में कहा , “ श्री जगदीप धनखड़ जी को भारत के उपराष्ट्रपति सहित कई भूमिकाओं में देश की सेवा करने का अवसर मिला है। मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।”(वार्ता)
गोवंशों की देखभाल में लापरवाही,दो फर्मों पर एफआईआर, कई अधिकारी निलंबित



