- मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीड़ितों को वितरित की राहत सामग्री
वाराणसी : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सारनाथ स्थित केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान परिसर में बने सोवा रिग्पा मेडिकल कॉलेज का देर शाम स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मेडिकल कॉलेज के लोगों ने मुख्यमंत्री को महात्मा बुद्ध का चित्र स्मृति स्वरूप भेंट किया। मुख्यमंत्री ने सलारपुर में बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री भी उपलब्ध कराया तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि राहत शिविर में रह रहे लोगों को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी न होने पाए। सफाई एवं चिकित्सा व्यवस्था के साथ ही उनके रहने, खाने-पीने की समुचित व्यवस्था समुचित होनी चाहिए।

तत्पश्चात मुख्यमंत्री ने केंद्रीय कारागार के पास बने संगीत पाथवे का भी स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने फुलवरिया तिराहा से सेंटर जेल की दीवार के पैरलर शिवपुर में लगभग डेढ़ किलोमीटर लम्बाई क्षेत्र में 15 फीट चौड़े बन रहे इस संगीत पाथवे का लगभग 90 फीसदी कार्य पूर्ण हो चुका है। संगीत पाथवे पर बनारस घराने के संगीत लगातार बज रहे हैं, जो यहां पर आने वाले लोगों को अलग ही अनुभूति कराते रहेंगे। इस संगीत पाथवे पर देश-विदेश में मशहूर बनारस घराने बड़े-बड़े संगीतज्ञों के चित्र बने हैं। उस पर उनके जीवन चरित्र भी लिखे गए हैं। इसके अलावा यहां पर शहनाई, तबला, शेखावत आदि वाद्य यंत्र लगाए गए हैं।

इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प राज्य मंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल, विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा, विशाल सिंह ‘चंचल’, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल आदि अधिकारी उपस्थित रहे।
- श्रावण मास में सीएम योगी ने की बाबा विश्वनाथ की आराधना
- काशी कोतवाल काल भैरव का भी किया दर्शन-पूजन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को काशी पहुंचे। यहां उन्होंने काशी विश्वनाथ धाम व ‘काशी कोतवाल’ काल भैरव का दर्शन-पूजन किया। श्रावण मास में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी विश्वनाथ गर्भगृह में षोडशोपचार पूजन कर लोक कल्य़ाण की कामना की। सीएम योगी ने मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं का अभिवादन भी किया। मुख्यमंत्री ने काल भैरव मंदिर में भी विधि विधान से पूजा-अर्चना की।
सीएम ने बाबा के भक्तों का किया अभिवादन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचने पर जलाभिषेक करने आए भक्तों का अभिवादन किया। वहीं सीएम को देखकर बाबा के भक्तों ने भी हर-हर महादेव का जयकारा लगाया। गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंदिर, जिला व पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरे श्रावण मास में यहां आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। भक्तों की हर सुविधा का ध्यान रखा जाए। भक्तों की सुरक्षा और सुगम दर्शन सरकार की प्राथमिकता है।

दर्शन-पूजन के दौरान कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, अनिल राजभर, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, विधायक सुशील सिंह, विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।
औद्योगिक प्रधान जनपद के रूप में भी विकसित होगा चंदौलीः मुख्यमंत्री



