नयी दिल्ली : विश्व बैंक के अध्यक्ष मनोनीत होने के बाद विभिन्न देशों के दौरे के क्रम में भारत पहुंचे श्री अजय बंगा कोविड संक्रमित पाये गये हैं जिसके कारण उनकी मुलाकातों का कार्यक्रम गड़बड़ हो गया है।अमेरिका के राजदूतावास के एक प्रवक्ता ने शुक्रवार को यहां बताया कि कल यहां पहुंचे श्री बंगा कोविड पाॅज़िटिव पाए जाने के बाद स्थानीय नियमों के अनुसार एकांत में रह रहे हैं।उनका यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री एस जयशंकर से मिलने का कार्यक्रम था।(वार्ता)
कोरोना से निपटने होगा मॉक ड्रिल, केंद्र ने दवा और बेड को लेकर दिए निर्देश
नई दिल्ली । भारत में पिछले दिनों कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी हुई है। जिसे देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को सभी राज्यों को सलाह दी है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि टेस्ट-ट्रेक-ट्रीट-वैक्सीनेशन और कोविड उपयुक्त व्यवहार की ‘फाइव फोल्ड स्ट्रेटेजी’ पर फोकस करना जारी रखें। मंत्रालय की ओर से एक अधिसूचना में कहा कि, हम कोविड-19 की तैयारियों को देखने के लिए एक और मॉक ड्रिल करेंगे। सभी राज्यों,केंद्र शासित प्रदेशों में जल्द ही मॉक ड्रिल की जाएगी।
अधिसूचना के अनुसार, देश में टीकों की कुल 220.65 करोड़ से अधिक खुराकें दी जा चुकी हैं। अस्पताल में भर्ती होने में वृद्धि का कोई सबूत नहीं मिला है। एहतियातन खुराक बढ़ाई जानी चाहिए। बयान में कहा गया है कि सभी गंभीर तीव्र श्वसन की बीमारी के मामलों की प्रयोगशाला निगरानी और परीक्षण को बढ़ाने की आवश्यकता है।मंत्रालय ने राज्यों से स्वास्थ्य सुविधाओं में इन्फ्लूएंजा और कोविड-19 के लिए आवश्यक दवाओं की उपलब्धता रखने कहा है। इसके अलावा राज्यों को पर्याप्त निर्धारित बेड और स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।(वीएनएस)



