International

कराची में पुलिस मुख्यालय पर हमला

कराची : पाकिस्तान के सिंध प्रांत की राजधानी कराची के पुलिस मुख्यालय ‘कराची पुलिस ऑफिस’ (केपीओ) पर बंदूकधारियों ने हमला किया है और गोलीबारी अब भी जारी है।पाकिस्तान के अखबार डॉन की ओर से शुक्रवार शाम प्रसारित खबर के अनुसार, सिंध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने स्थिति को संज्ञान में लेते हुए संबंधित पुलिस उपमहानिरीक्षकों को घटनास्थल पर पुलिसकर्मी भेजने का आदेश दिया है।

श्री शाह ने कहा, “ मैं अतिरिक्त महानिरीक्षकों के दफ्तर पर हमला करने वालों की गिरफ्तारी चाहता हूं। केपीओ पर हमला बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं। ”श्री शाह ने संबंधित अधिकारी से इस मामले में एक रिपोर्ट भी तलब की। उन्होंने कहा कि वह निजी तौर पर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।इसी बीच, सदर पुलिस स्टेशन ने एक बयान जारी कर कहा कि उसके ऊपर हमला हुआ है।

शारेया फैसल पर केपीओ के नजदीक स्थित पुलिस स्टेशन के बयान में कहा गया, “एसएचओ, पीआई खालिद हुसैन मेमन ने सूचित किया है कि अज्ञात आरोपियों ने केपीओ के नजदीक सदर पुलिस स्टेशन पर हमला किया है। हर तरफ गोलीबारी हो रही है।”दूसरी ओर, पुलिस सर्जन डॉ सुमैया सैयद ने डॉन को बताया कि ईदी फाउंडेशन के एक घायल कर्मी को जिन्नाह पोस्टग्रेजुएट मेडिकल सेंटर (जेपीएमसी) में इलाज के लिये लाया गया है।(वार्ता)

Related Articles

Back to top button