वाराणसी। कपड़ा व्यापारी महमूद आलम के अपहरण का मुकदमा दर्ज होने के बाद उसकी बरामदगी के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने जांच और तलाश तेज कर दी है। कारोबारी बीएचयू परिसर से लापता हुआ था क्योंकि लॉस्ट लोकेशन उसकी बीएचयू के अंदर की थी। एडिशनल सीपी अपराध एंव मुख्यालय संतोष कुमार सिंह ने बताया कि व्यापारी से जुड़े मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। महमूद आलम बीएचयू किसी महिला के बुलावे पर गया था। इस बारे में उक्त महिला से पूछताछ की गयी साथ ही कुछ को हिरासत में लिया गया है।
व्यापारी महमूद आलम के अपहरण की रपट भेलूपुर पुलिस थाने में दर्ज करायी गयी है। रविवार को बीएचयू कैंपस स्थित विश्वनाथ मंदिर के बाहर से ही महमूद के गायब होने की आशंका जताई गयी क्योंकि यहीं पर लॉस्ट लोकेशन थी। इसके पहले घर पर बात करने पर उन्होंने कहा था कि मैं मुसीबत में हूं आठ लाख का इंतजाम करो। कैंपस से कपड़ा कारोबारी की सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी मिली है।
भेलूपुर पुलिस द्वारा महमूद आलम की कॉल डिटेल को खंगालने के बाद पता चला कि उसने रविवार को 2-3 लोगों से बात की है। जिन-जिन लोगों से बात हुई है, उन सबसे पुलिस ने पूछताछ की है। इसमें एक महिला का भी फोन नंबर था। उस महिला से भी पुलिस ने पूछताछ की है और ठोस जानकारी हाथ लगी है।



