कानपुर । बिधनू थानाक्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो सवार रेलवे कर्मी को टक्कर मार दी। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बिहार के लखीसराय बिलौरी निवासी रविरंजन (34) की दिसम्बर 2019 में रेलवे में ग्रुप डी में नौकरी लगी थी। इन दिनों वह बिधनू थानाक्षेत्र अंतर्गत कठारा रेलवे स्टेशन में गेट मैन के पद पर तैनात था। रविरंजन के परिवार में उसकी पत्नी रूकमणि व दो बच्चे हैं जो कि बिहार में ही रहते हैं। रविरंजन डयूटी करने के बाद वापस ऑटो से कानपुर सेंट्रल स्टेशन जा रहा था। राहगीरों की माने तो ऑटो में ज्यादा सवारियां होने के चलते रेलवे कर्मी का एक पैर बाहर था।
इसी बीच पांडु नदी पुल के पास लगे भीषण जाम के दौरान ऑटो के बगल से निकल रहे ट्रक की चपेट में रेलवे कर्मी आ गया और पैर में टक्कर लगते ही वह हाइवे में जा गिरा और गंम्भीर रुप से घायल हो गया। उधर हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन फानन उसे बिधनू सीएचसी पहुंचाया जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे हैलट रेफर कर दिया गया था। जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, साथ ही ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सड़क पर दौड़ती बाइक से गिरी वृद्धा, मौत
कौशांबी । सैनी थाना क्षेत्र के एनएच-02 पर एक 65 वर्षीय महिला की जान बाइक से गिर कर चली गई। सड़क पर दौड़ रही बाइक के पिछले पहिये में वृद्धा का दुपट्टा फस गया। जिससे वह सड़क पर सर के बल गिर गई। महिला अपने दामाद के साथ बाइक पर बैठ कर कड़ाधाम के अलीपुरजीता जा रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर घायल दामाद को इलाज के लिए अस्पताल भेजा है।
फतेहपुर जनपद के खखरेरु थाना के पौली गांव की रहने वाली जमिलुन्निशा (65)पत्नी मुश्ताक अपने रिस्तेदार गुफरान पुत्र नन्हे हसन निवासी ग्राम सभा अमांव थाना खागा जनपद फतेहपुर में उनकी बेटी की शादी में शामिल होने आयी थी। शादी के बाद सोमवार को अपने दामाद अकरम के साथ अपाचे बाइक से कौशांबी अलीपुरजीता थाना कड़ाधाम जा रही थी। दामाद की बाइक से जमिलुन्निशा सैनी थाना क्षेत्र के लक्ष्मी रेस्टोरेंट के सामने महिला का दुपट्टा बाइक के पिछले पहिये में फस गया।
बाइक की रफ़्तार ज्यादा होने से वृद्ध बाइक से सर के बल गिर गई। गिरते ही महिला की मौत हो गई। जबकि दामाद बाइक से गिर कर घायल हो गया है। राहगीरों ने मदद का हाथ बढ़ाते हुए घायल को सड़क किनारे पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायल अकरम को इलाज के लिए नजदीकी पीएचसी में भर्ती कराया है।थानेदार भुवनेश चौबे ने बताया, पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर लाश को कब्जे में लिया। पीएम कार्यवाही कराई जा रही है। परिवार के लोगो को सूचना देकर विधिक कार्यवाही की जा रही है।
ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत
कानपुर । कल्यानपुर थानाक्षेत्र के अंतर्गत विश्वविद्यालय के पास सोमवार को रेलवे ट्रैक पार कर रही महिला ट्रेन की चपेट में आ गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।कल्यानपुर के सराय मसवानपुर निवासी प्राइवेट कर्मी ओमप्रकाश की 50 वर्षीय पत्नी रुपवती बहन मुन्नी के साथ छत्रपति शाहू जी महाराज स्थित बैंक गई थी। बैंक का काम करने के बाद वह बहन के साथ ही घर को चल दिया। विश्वविद्यालय के पास ही कानपुर फर्रुखाबाद रेलवे ट्रैक को पैदल पार करने लगी और इसी दौरान ट्रेन आ गई। ट्रेन की चपेट में आने से रुपवती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। राहगीरों ने हादसे की सूचना डायल 112 को दी और वहां पर मौजूद बहन से पूछताछ कर शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।(हि.स.)



