
वाराणसी । नगर निकाय चुनाव में गुरुवार शाम प्रदेश के 48 जिलों के वार्डों की आरक्षण सूची जारी होते ही यहां वार्डो में सरगर्मी बढ़ गई है। विभिन्न वार्डो में पार्षद बनने के ख्याब सजाये भावी प्रत्याशी और सीटिंग पार्षद चुनावी जंग जीतने के लिए रणनीति बनाने में जुट गये हैं। उधर, जिला प्रशासन ने भी चुनावी तैयारियों में ताकत झोंक दी है।
गुरुवार को जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने पुलिस लाइन में पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल और पहड़िया मंडी में पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल, स्ट्रांग रूम एवं मतगणना स्थल का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल एवं मतगणना के लिए चिन्हित किये गए हॉल/कक्षों के बारे में जानकारी लेते हुए सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कराये जाने के निर्देश दिये।
स्ट्रॉग रूम बनाये जाने के लिए चिन्हित कक्ष का भी निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। मतगणना स्थल पर सुरक्षा के दृष्टिगत सीसीटीवी कैमरे, बेरिकेडिंग आदि व्यवस्थाओ को सुनिश्चित करने, समुचित साफ-सफाई व्यवस्था पर भी जोर दिया। जिलाधिकारी ने नामांकन स्थल जेपी मेहता इंटर कॉलेज सुअरबडवा का भी निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।(हि.स.)



