Site icon CMGTIMES

अपराधियों की गोली से घायल पुलिस वाहन चालक की पत्नी की मौत

news

बेगूसराय । बेगूसराय जिला के शाम्हो थाना क्षेत्र में दो मई की रात अपराधियों की गोली का शिकार बनी महिला की बीती रात इलाज के दौरान पटना में मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है, वही आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल है। घटना के चार दिन बाद भी अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में आक्रोश है।

उल्लेखनीय है कि गंगा के दक्षिणी पार बसे शाम्हो थाना क्षेत्र के सरलाही गांव में दो मई की रात बेखौफ अपराधियों ने थाना का वाहन चलाने वाले प्राइवेट चालक अशोक झा की पत्नी शांति देवी को घर में घुसकर गोली मार दिया था। गोलीबारी की आवाज सुनकर जब आसपड़ोस के लोग दौड़े तो अपराधी फरार हो गए। इसके बाद स्थानीय लोगों के प्रयास से घायल महिला को सूर्यगढ़ा पीएचसी ले जाया गया, वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे लखीसराय सदर अस्पताल ले जाया गया लेकिन पेट सहित दो जगहों पर गोली लगने के कारण हायर सेंटर रेफर कर दिया गया था। परिजन गंभीर रूप से घायल महिला को पटना ले गए, जहां की इलाज के दौरान गुरुवार की देर रात उसकी मौत हो गई। इस संबंध में शाम्हो थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार ने बताया कि मामले की छानबीन और अपराधियों के पहचान की प्रक्रिया चल रही है, जल्द ही हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।(हि.स.)

Exit mobile version