Site icon CMGTIMES

राजधानी में जलसंकट : भाजपा ने किया मटका फोड़ प्रदर्शन

राजधानी में जलसंकट : भाजपा ने किया मटका फोड़ प्रदर्शन

नई दिल्ली । देश की राजधानी में पानी की किल्लत को लेकर भाजपा ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। विरोध-प्रदर्शन के साथ ही इस मुद्दे पर भाजपा सांसद भी सरकार को घेरने में जुटे हैं। पेयजल संकट पर भाजपा दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर ‘मटका फोड़’ प्रदर्शन कर रही है। पश्चिमी दिल्ली से भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत और अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में पानी की कमी के मुद्दे पर दिल्ली सरकार के खिलाफ नजफगढ़ में विरोध प्रदर्शन किया। इससे पहले कल कांग्रेस ने कल जल संकट को लेकर मटका फोड़ प्रदर्शन किया था।

भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, ‘दिल्ली में जल संकट का अगर कोई जिम्मेदार है तो वह अरविंद केजरीवाल और आप सरकार है। दिल्ली में जल संकट प्राकृतिक नहीं है। इनकी लापरवाही, पानी की चोरी, पानी की बर्बादी मूल कारण है जिसकी वजह से दिल्ली में जल संकट है। 10 साल से आप की सरकार है, 2024 तक हर घर जल का वादा अरविंद केजरीवाल ने किया था, उस वादे का क्या हुआ?’नई दिल्ली से भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने दिल्ली में पानी की कमी को लेकर दिल्ली सरकार के खिलाफ ‘मटका-फोड़’ विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

कांग्रेस ने 280 ब्लॉकों में किया था मटका फोड़ प्रदर्शन
शनिवार को कांग्रेस ने पानी की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी की सरकार के साथ ही केंद्र पर निशाना साधा। शनिवार को जल संकट को लेकर कांग्रेस ने दिल्ली के सभी 280 ब्लाॅक में मटका फोड़ प्रदर्शन किया।(वीएनएस)

दिल्ली जल संकट आप सरकार की देन: बांसुरी

भीषण गर्मी और राष्ट्रीय राजधानी में चल रहे जल संकट के बीच, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई ने रविवार को पानी की कमी को लेकर सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के खिलाफ 14 स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किया।दिल्ली के सभी सात नवनिर्वाचित संसद सदस्य इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुये।नयी दिल्ली से लोकसभा सांसद बांसुरी स्वराज ने दिल्ली जल बोर्ड के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और आरोप लगाया,“यह कोई प्राकृतिक समस्या नहीं है, इसे आम आदमी पार्टी ने पैदा किया है। दिल्ली में पर्याप्त पानी है और हरियाणा सहमति से ज्यादा पानी दे रहा है।

”उन्होंने दावा किया,“केवल 10 वर्षों में आप ने दिल्ली जल बोर्ड को 2013 में 600 करोड़ रुपये के मुनाफे वाली इकाई से 2024 में 73,000 करोड़ रुपये के घाटे में पहुंचा दिया है।”पश्चिमी दिल्ली से भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा कि द्वारका के निवासी पानी की कमी के बारे में शिकायत कर रहे हैं क्योंकि निजी टैंकरों के लिए अधिक पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं, और उन्हें सरकारी टैंकरों का कोई लाभ नहीं मिल रहा है।आप सरकार पर निशाना साधते हुए सुश्री सहरावत ने कहा,“दिल्ली सरकार पानी की कमी के लिए अन्य राज्य सरकारों को दोषी ठहरा रही है, जबकि समस्या उनके विभाग के भीतर है।

” उन्होंने कहा,“मैं मंत्री आतिशी से मानवीय आधार पर नहीं, बल्कि दिल्ली सरकार में मंत्री होने के नाते अनुरोध करती हूं कि उन्हें अपने विभाग का ध्यान रखना चाहिए।”(वार्ता)

Exit mobile version