Site icon CMGTIMES

बीरभूम में बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म का वीडियो वायरल, चार गिरफ्तार

सांकेतिक तस्वीर

कोलकाता । पश्चिम बंगाल में बच्चियों के खिलाफ दुष्कर्म की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा घटना बीरभूम जिले के बोलपुर की है। यहां एक नाबालिग बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म कर उसका वीडियो वायरल कर दिया गया है। यहां तक की बच्ची और उसके परिवार को भी लगातार धमकियां दी गईं। शिकायत मिलने के बाद चार आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एक महीने में बीरभूम जिले में सामूहिक दुष्कर्म की यह चौंथी घटना है।

आरोप है कि चारों आरोपितों ने पीड़ित लड़की को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। उसके बाद से वे पीड़िता को लगातार डरा रहे थे। परिवार ने आरोप लगाया है कि चार दिन पहले आरोपितों में से एक बच्ची को घर से बुलाकर ले गया और फिर चारों ने मिल कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। यहां तक कि सामूहिक दुष्कर्म का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। शिकायत दर्ज होने के बाद शनिवार रात इन चारों को पुलिस की टीम ने गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।(हि.स.)

Exit mobile version