नाले में मिला अज्ञात शव, शिनाख्त हुई एक हफ्ते से लापता विक्षिप्त के तौर पर
शाहगंज और सरपतहां पुलिस दो घंटे उलझी रही सीमा विवाद में
जौनपुर। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बड़ागांव स्थित एक नाले में शनिवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची शाहगंज और सरपतहां पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। मृतक की शिनाख्त महादेव (निवासी नाजो पट्टी, गैरवाह, थाना सरपतहां) के रूप में हुई है।
शनिवार को दोपहर करीब 12 बजे बड़ागांव की सीमा पर स्थित नाले में एक 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। जिसे देख कर स्थानीय लोगों ने शाहगंज व सरपतहां पुलिस को सूचना दी। सूचना पर शाहगंज व सरपतहां पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां पर सीमा विवाद शुरू हो गया। सीमा विवाद के चलते लगभग दो घंटे से अधिक समय तक शव गड्डे में पड़ा रहा। काफी प्रयास के बाद स्थानीय लोगों ने उसकी शिनाख्त सरपतहां थाना क्षेत्र के नाजो पट्टी (गैरवाह) गांव निवासी महादेव (50 वर्ष) पुत्र रामफेर के रुप में की। पता चला है कि मृतक मानसिक रूप से बीमार था और एक सप्ताह पूर्व अचानक घर से लापता हो गया था। शाहगंज कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। मौत की सूचना मिलने पर स्वजनों में कोहराम मच गया।