National

यूक्रेन ने मोदी से लगाई गुहार, कहा-पुतिन से बात कर तनाव खत्म कराएं

यूरोपीय संघ ने रूस के रक्षा मंत्री और सैन्य प्रमुख पर लगाया प्रतिबंध

भारत में यूक्रेन के राजदूत आइगोर पोलिखा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के साथ बातचीत करने की अपील करते हुए गुरुवार को कहा है कि रूस के साथ अच्छे संबंधों को देखते हुए भारत रूस-यूक्रेन के बीच तनावपूर्ण स्थिति नियंत्रित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।यूक्रेन पर रूस की सैनिक कार्रवाई की खबरों के बीच श्री पोलिखा ने नयी दिल्ली में मीडिया से बातचीत में कहा कि रूस की सेना ने राजधानी कीव के आसपास के इलाकों पर हमला किया है।

उन्होंने कहा कि यूक्रेन की सेना उसका जवाब दे रही है।श्री पोलिखा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को श्री पुतिन (रूसी राष्ट्रपति) से बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा,“ रूस के साथ भारत के अच्छे संबंध हैं, वहां हालात नियंत्रण में करने में भारत महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। ”यूक्रेन के राजदूत ने कहा,“ हमारी सेना मजबूत है, हमें कई देशों का समर्थन मिल रहा है।

उन्होंने दावा किया कि यूक्रेन ने रूस पांच लड़ाकू विमान और दो हेलिकॉप्टर मार गिराए हैं।नयी दिल्ली से यूक्रेन के राजदूत ने कहा कि उनके देश की जनता अपनी सुरक्षा के लिए पूरी ताकत के साथ लड़ेगी।गौरतलब है कि रूस के श्री पुतिन ने रूसी सेना को विदेशी धरती पर कार्रवाई भेजने के लिए संसद की अनुमति लेने के बाद कल एक वीडियो संदेश में कहा था कि रूस अपनी सुरक्षा के साथ समझौता नहीं करेगा। इसके बाद रूसी सेना ने यूक्रेन पर कार्रवाई शुरू कर दी है।रूस ने यूक्रेन के पूर्वी क्षेत्र में अलगाववादी आंदोलन से प्रभावित दो प्रातों दोनेत्स्क और लुहान्स्क को दो दिन पहले स्वतंत्र देश के रूप में मान्यता दे दी है।

समझा जाता है कि रूस की असली नाराजगी यूक्रेन को अमेरिका के नेतृत्व वाले उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के शामिल किए जाने की योजना से है।रूस सरकार समझती है कि इससे नाटो का खतरा उसकी सीमा पर आ जाएगा।अमेरिका और यूरोप के उसके सहयोगियों ने यूक्रेन के प्रांतों को अलग देश के रूप में मान्यता देने को यूक्रेन पर आक्रमण करार देते हुए रूस के बैंकों और रणनीतिक कंपनियों पर तत्काल प्रभाव से आर्थिक पाबंदी लगा दी है।

यूक्रेन की स्थिति पर भारत की नजर , भारतीयों की सुरक्षा पर है फोकस

भारत यूक्रेन में तेजी से बदलते घटनाक्रमों पर बारीकी से नजर रखे हुए है तथा वहां मौजूद भारतीयों, विशेष रूप से छात्रों की सुरक्षा पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।सूत्रों के मुताबिक विदेश मंत्रालय के कंट्रोल रूम का विस्तार किया गया है और यहां चौबीसों घंटे सेवाएं चालू हैं।रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा रूस के डोनबास क्षेत्र में विशेष सैन्य अभियान की मंजूरी दिए जाने के बाद संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत ने तत्काल तनाव को कम करने तथा स्थिति से संबंधित सभी मुद्दों को हल करने के लिए निरंतर और केंद्रित कूटनीति पर जोर देने का आह्वान किया है।

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की एक आपात बैठक को संबोधित करते हुए जारी घटनाक्रमों पर गहरी चिंता व्यक्त की और कहा कि यदि स्थिति को संभाला नहीं गया, तो क्षेत्र की शांति और सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। उन्होंने कहा कि छात्रों सहित 20,000 से अधिक भारतीय नागरिक सीमावर्ती क्षेत्रों सहित यूक्रेन के विभिन्न हिस्सों में स्थित हैं। भारत आवश्यकतानुसार भारतीय छात्रों सहित सभी भारतीय नागरिकों की वापसी की सुविधा प्रदान कर रहा है।

श्री तिरुमूर्ति ने कहा कि संबंधित पक्षों के बीच निरंतर राजनयिक बातचीत से ही कोई समाधान संभव है। उन्होंने कहा, ‘ हम अत्यधिक संयम बरतते हुए सभी पक्षों के लिए अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा बनाए रखने की महत्वपूर्ण आवश्यकता पर जोर देते हैं।

यूरोपीय संघ ने रूस के रक्षा मंत्री और सैन्य प्रमुख पर लगाया प्रतिबंध

यूरोपीय संघ (ईयू) ने यूक्रेन पर रूस की सैन्य कार्रवाई को लेकर उसके (रूस) रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु और सैन्य प्रमुखों तथा अन्य करीबियों पर गुरुवार को प्रतिबंध लगा दिया।अल-जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक 27 देशों के समूह यूरोपीय संघ ने कहा है कि वह रूस के उच्च पदस्थ अधिकारियों पर वीजा प्रतिबंध लगा रहा है, जिसमें न केवल रूस की सेना, नौसेना और वायु सेना के प्रमुख शामिल हैं, बल्कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के चीफ ऑफ स्टाफ और सरकार संचालित अंग्रेजी भाषी टेलीविजन चैनल आरटी के प्रधान संपादक भी शामिल हैं।फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-यवेस ले ड्रियन के साथ प्रतिबंधों की घोषणा करते हुए ईयू की विदेश नीति के प्रमुख जोसेप बोरेल ने चेतावनी दी कि प्रतिबंध से रूस को काफी नुकसान पहुंचेगा।’न्यूज़ सोर्स वार्ता

VARANASI TRAVEL
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: