अनियंत्रित होकर ट्राली सहित ट्रैक्टर पलटा, चालक की दबकर मौत
फतेहपुर । जिले में शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग में एक ट्रैक्टर ट्राली सहित अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें चालक की दबकर मौत हो गयी और सहयोगी चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम भेजा है और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है।
औंग थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर स्थित आशापुर ब्रिज के ऊपर अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर सहित ट्राली पलट गई। चालक शोभित सिंह (22) पुत्र सुशील सिंह निवासी आशापुर थाना औंग एवं सहयोगी चालक सुमित कुमार( 28) निवासी मकुआखेड़ा थाना औंग गंभीर रूप से घायल हो गये।घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद चिकित्सक ने सुमित कुमार को मृत घोषित कर दिया है। वहीं गंभीर रूप से घायल सुशील कुमार की हालत गंभीर देख चिकित्सक ने कानपुर रेफर कर दिया है।
थानाध्यक्ष जयचंद भारती ने बताया कि घटना की जानकारी पर तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गयी है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जिसमें एक घायल को चिकित्सक द्वारा मृत घोषित कर दिया गया है। शव को पोस्टमार्टम भेजते हुए अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।(हि.स.)