Tokyo Paralympics : कुल 19 पदक, पीएम ने कृष्णा नागर को दी बधाई, सुहास के लिए कहा-सेवा और खेल का अद्भुत संगम

टोक्यो पैरालंपिक के आखिरी दिन भी भारत की झोली में दो मेडल आए। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी कृष्णा नागर ने जहां बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखते हुए भारत के लिए पांचवां गोल्ड मेडल जीता। वहीं, बैडमिंटन खिलाड़ी और नोएडा के डीएम सुहास एल वाई ने सिल्वर मेडल हासिल किया है। पीएम मोदी ने दोनों खिलाड़ियों को फोन कर बधाई दी।

कृष्णा नागर ने हांगकांग के खिलाड़ी को दी मात

टोक्यो में रविवार को आखिरी दिन कृष्णा ने SH-6 कैटेगरी के फाइनल में हांगकांग के चू मान केई को हराया। कृष्णा ने केई को 21-17,16-2 ,21-17 से हराया। इससे पहले आज भारत को एक और रजत पदक मिला है। बैडमिंटन में नोएडा के डीएम सुहास यतिराज फाइनल मुकाबले में फ्रांस के खिलाड़ी लुकास मजूर से हार गए, लेकिन उन्होंने रजत पदक हासिल कर लिया।

पैरालंपिक में पदक जीतने वाले पहले IAS अधिकारी

सुहास का मुकाबला 3 सेट तक चला। सुहास ने पहला गेम 21-15 से जीता और इसके बाद दोनों गेम वो कड़े मुकाबले में पीछे रह गए। लुकास मजूर ने आखिरी दोनों गेम 21-15, 17-21 से जीता। इस पैरालंपिक में बैडमिंटन में ये भारत का चौथा पदक है। गौतम बुद्ध नगर (नोएडा) के 38 वर्षीय डीएम सुहास पैरालंपिक में पदक जीतने वाले पहले आईएएस अधिकारी बन गए हैं। बता दें कि पैरालंपिक में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

पीएम ने कृष्णा नागर और सुहास एल वाई को दी बधाई

पीएम मोदी ने टोक्यो पैरालंपिक की बैडमिंटन स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर कृष्णा नागर को बधाई देते हुए कहा कि उनके शानदार कारनामे ने हर भारतीय के चेहरे पर मुस्कान ला दी है।

भारतीय के चेहरे पर ला दी मुस्कान

पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा, “हमारे बैडमिंटन खिलाड़ियों को टोक्यो पैरालंपिक में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देखकर खुशी हुई। कृष्णा नगर के शानदार कारनामे ने हर भारतीय के चेहरे पर मुस्कान ला दी है। उन्हें गोल्ड मेडल जीतने पर बधाई। उनके आगे के प्रयासों के लिए उन्हें शुभकामनाएं।”

सेवा और खेल का अद्भुत संगम

इसके अलावा पीएम ने टोक्यो पैरालिंपिक की बैडमिंटन स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी व नोएडा के जिलाधिकारी सुहास यतिराज को बधाई देते हुए इसे सेवा और खेल का अद्भुत संगम करार दिया है।
उन्होंने ट्वीट कर कहा, “सेवा और खेल का अद्भुत संगम। सुहास यतिराज ने अपने असाधारण खेल प्रदर्शन की बदौलत हमारे पूरे देश को खुश कर दिया है। बैडमिंटन में रजत पदक जीतने पर उन्हें बधाई। उन्हें उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।”

बता दें कि भारत ने अब तक टोक्यो पैरालंपिक में 19 पदक जीते हैं,जिसमें 5 स्वर्ण,8 रजत और 6 कांस्य पदक हैं।

Exit mobile version