CrimeNational

संभल में पथराव व गोलीबारी में तीन की मौत, कई घायल

संभल में इंटरनेट सेवा चौबीस घंटे के लिए रहेगी बंद

संभल : उत्तर प्रदेश के संभल में न्यायालय के आदेश पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस बल की मौजूदगी में जामा मस्जिद का सर्वे करने पहुंची टीम पर की गई पत्थरबाजी व उसके बाद हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि पुलिसकर्मियों सहित कई अन्य घायल हुए हैं। पुलिस ने महिलाओं सहित काफी व्यक्तियों को हिरासत में लिया है।

रविवार को सुबह के समय हो रहे सर्वे के दौरान हुए पथराव के बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बल का प्रयोग किया तो उस समय तो मामला कुछ शांत हो गया लेकिन थोड़ी देर बाद ही भीड़ फिर उग्र हो गई और आसपास मौजूद गाड़ियों को आग़ के हवाले कर दिया तथा जमकर पत्थरबाजी भी की गई। मौके की नजाकत को देखकर पुलिस ने भी आंसू गैस के गोले छोड़े।

कैला देवी मंदिर के महंत ऋषि राज गिरी एवं अन्य वादकारियों द्वारा संभल की जामा मस्जिद को हरिहर मंदिर बताए जाने का दावा चंदौसी में स्थित सिविल जज सीनियर डिवीजन संभल के न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने पर न्यायालय ने जामा मस्जिद का सर्वे कर रिपोर्ट न्यायालय में दाखिल किए जाने के आदेश दिए थे तथा अगली सुनवाई के लिए उनतीस नवंबर की तारीख निर्धारित की थी।

संभल में इंटरनेट सेवा चौबीस घंटे के लिए रहेगी बंद

उत्तर प्रदेश में रविवार को संभल की जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुए बवाल के बाद जिला में इंटरनेट सेवाएं चौबीस घंटे के लिए बंद कर दी गई।जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया ने बताया कि आज संभल में हुए बवाल के बाद जिला प्रशासन ने शासन से आगामी चौबीस घंटा के लिए इंटरनेट सेवा बंद करने का अनुरोध किया था। जिला प्रशासन के अनुरोध पर संभल तहसील क्षेत्र में आगामी 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है।

उपचुनाव में जीत से हौसला पाकर भाजपा ध्रुवीकरण को हवा दे रही : भाकपा-माले

भारतीय कम्युनिस्ट पाटी (मार्क्सवादी लेनिनवादी) (भाकपा -माले) ने संभल में रविवार को हुई हिंसा के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जिम्मेदार ठहराया है और कहा कि उपचुनाव में जीत से हौसला पाकर भाजपा ध्रुवीकरण को हवा दे रही है तथा प्रदेश को साम्प्रदायिकता की आग में झोंक देना चाहती है।

भाकपा-माले राज्य सचिव सुधाकर यादव ने आज जारी बयान में कहा कि संभल में जामा मस्जिद का पूर्व में हरिहर मंदिर होना बताकर विवाद खड़ा किया गया है। एक बार सर्वे हो चुका था। आज सुबह दूसरी बार सर्वे किया जा रहा था। इस दौरान भड़की हिंसा योगी सरकार की नाकामी है। तीन व्यक्तियों की मौत की भी खबर है। प्रशासन तनाव से बेखबर क्यों था? शांति व्यवस्था के लिए पूर्व में पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं किया गया? बहराइच हिंसा की तरह इसमें मिलीभगत तो नहीं? बहराइच हिंसा में भाजपा और प्रशासन की मिलीभगत के प्रमाण मिले थे।(वार्ता)

Website Design Services Website Design Services - Infotech Evolution
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Graphic Design & Advertisement Design
Back to top button