National

देश में सब पर लागू होने वाली जनसंख्या नीति बननी चाहिए : होसबाले

प्रयागराज । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने कहा है कि देश में जनसंख्या विस्फोट चिंताजनक है। इसलिए इस विषय पर समग्रता से एवं एकात्मता से विचार करके सब पर लागू होने वाली जनसंख्या नीति बनाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के संसाधन सीमित हैं। इस पर देश में जन जागरण एवं प्रबंधन की आवश्यकता है।

सरकार्यवाह होसबाले ने प्रयागराज के गौहनिया स्थित जयपुरिया स्कूल के वात्सल्य परिसर में संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की चार दिवसीय बैठक के अंतिम दिन बुधवार को प्रेस वार्ता में कहा कि मतांतरण होने से हिंदुओं की संख्या कम हो रही है। देश के कई हिस्सों में मतांतरण की साजिश चल रही है। कुछ सीमावर्ती क्षेत्रों में घुसपैठ भी हो रही है। उन्होंने कहा कि जनसंख्या असंतुलन के कारण कई देशों में विभाजन की नौबत आई है। भारत का विभाजन भी जनसंख्या असंतुलन के कारण हुआ।

होसबाले ने कहा कि वर्ष 2024 के अंत तक देश के सभी मंडलों में शाखा पहुंचाने की योजना बनाई गई है। कई प्रांतों ने 99% तक काम पूरा कर लिया है। चित्तौड़, ब्रज एवं केरल प्रांत में मंडल स्तर तक शाखाएं शुरू हो गई हैं। पहले देश में 58 हजार स्थानों पर संघ की शाखाएं थीं। अब वर्तमान में 61,100 से अधिक स्थानों पर शाखाएं लग रही हैं। साप्ताहिक मिलन मंडली में भी 4000 की बढ़ोतरी हुई है।

सरकार्यवाह ने बताया कि वर्ष 2025 में संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस निमित्त संघ कार्य को लेकर समय देने के लिए देशभर में तीन हजार युवक शताब्दी विस्तारक के नाते निकले हैं। अभी एक हजार शताब्दी विस्तारक और निकालेंगे।इस दौरान अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर, सह प्रचार प्रमुख नरेंद्र ठाकुर एवं आलोक कुमार, पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के प्रचार प्रमुख नरेंद्र सिंह और सह प्रचार प्रमुख मनोज कांत प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।(हि.स)

VARANASI TRAVEL
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: