Breaking News

देश में कोरोना के मरीजों की संख्या 60 हजार के करीब, 1981 लोगों की मौत

नई दिल्ली, । भारत में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। अभी वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 59662 है, जबकि 1981 लोगों की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 59662 हो गए हैं और कोविड-19 से अब तक 1981 लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना के कुल 59662 केसों में 39834 एक्टिव केस हैं, वहीं 17847 लोगों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है।

केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने पूर्वोत्तर राज्यों में कोविड-19 की रोकथाम और अन्य इंतजामों के साथ स्थिति की समीक्षा करने के लिए आज अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, त्रिपुरा और सिक्किम के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। शुरुआत में, डॉ. हर्षवर्धन ने देश में कोविड-19 का मुकाबला करने में सभी राज्यों के समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा “यह एक बहुत बड़ी राहत है और अधिकांश पूर्वोत्तर राज्यों में ग्रीन जोन को देखना बेहद उत्साहजनक है। अब, केवल असम और त्रिपुरा में कोविड-19 के सक्रिय मामले हैं; अन्य राज्य ग्रीन जोन में हैं।” पूर्वोत्तर में कोविड-19 के लिए सकारात्मक इंतजाम जारी रखने के लिए, डॉ. हर्षवर्धन ने राज्यों को यह सुनिश्चित करने की सलाह दी कि पलायन करने वाले मजदूरों, छात्रों और विदेश से लौटने वाले लोगों की स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय और विदेश मंत्रालय के दिशा-निर्देशों और प्रोटोकॉल के अनुसार स्क्रीनिंग की जाए और उन्हें क्वारंटाइन में रखा जाए।

डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि 9 मई 2020 तक, देश में कुल 59,662 मामले सामने आए हैं, जिसमें 17,847 व्यक्ति इलाज के बाद ठीक हो गए हैं और 1,981 मौतें हुई हैं। पिछले 24  घंटों में 3,320 नए पुष्ट मामले सामने आए हैं और 1307 रोगी ठीक हो गए हैं। उन्होंने कहा कि मृत्यु दर 3.3 प्रतिशत और स्वस्थ होने की दर 29.9 प्रतिशत है। उन्होंने यह भी कहा कि (कल की तरह) आईसीयू में 2.41 प्रतिशत सक्रिय कोविड-19 रोगी हैं, वेंटिलेटर पर 0.38 प्रतिशत और ऑक्सीजन के सहारे 1.88 प्रतिशत लोग हैं। उन्होंने कहा, “देश में जांच क्षमता में वृद्धि हुई है और 332 सरकारी प्रयोगशालाओं और 121 निजी प्रयोगशालाओं की मदद से प्रति दिन 95,000 जांच की जा रही है। कोविड-19 के लिए संचयी रूप से, अब तक 15,25,631 परीक्षण किए जा चुके हैं।

अरुणाचल प्रदेश : मुख्यमंत्री ने कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए स्पर्शोन्मुख व्यक्तियों के साथ ही राज्य में आने वाले हर व्यक्ति के लिए जांच अनिवार्य करने की घोषणा की है।

• मणिपुर : कोलकाता के पांच निजी अस्पतालों में काम करने वाली 22 नर्स वापस राज्य में पहुंच गई हैं और उन्हें क्वारंटाइन केन्द्र में भेज दिया गया है।

• मेघालय : शिलांग, मेघालय में एक अन्य व्यक्ति कोविड-19 पॉजिटिव सामने आया है, जो पूर्व में एक मरीज के यहां काम करता था। वह ऐहतियातन पुनः जांच के दौरान पॉजिटिव पाया गया। मेघालय के मुख्यमंत्री ने एक ट्वीट में कहा कि वह व्यक्ति स्वस्थ है और उसमें कोई लक्षण नहीं दिख रहे हैं।

• मिजोरम : केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने राज्य के कोविड-19 मुक्त होने और नवजात मृत्यु दर (आईएमआर) में 10 अंकों की कमी के लिए मिजोरम के स्वास्थ्य मंत्री को बधाई दी है।

• नागालैंड : सरकार ने कहा कि राज्य से बाहर के गंभीर गैर कोविड मरीजों को आवेदक के आवेदन के साथ संलग्न बाहरी अस्पताल के स्वीकार्यता प्रमाण पत्र के बाद ही आने की अनुमति दी जाएगी। नागालैंड के योजना मंत्री कहा कि राज्य के बाहर फंसे 33 लोगों ने ई-पास के लिए आवेदन किया है, जबकि अन्य 7,015 लोगों ने सरकार से अपनी वापसी के लिए अनुरोध किया है।

• सिक्किम : मुख्यमंत्री ने कोरोना महामारी से प्रभावित राज्य की अर्थव्यवस्था के पुनरोद्धार के बारे में विचार विमर्श के लिए राज्यपाल श्री गंगा प्रसाद से विचार-विमर्श किया; उन्हें उपायों के बारे में भी बताया।

• त्रिपुरा : 11 अन्य राज्यों में फंसे त्रिपुरा के 17,000 लोगों ने राज्य में वापस आने के लिए ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण कराया है। त्रिपुरा से 33,000 प्रवासी कामगारों को भी अपने संबंधित राज्यों को वापस भेजा जाना है।

• महाराष्ट्र : 1,089 अतिरिक्त लोगों के पॉजिटिव होने के साथ राज्य में कोविड-19 के मामलों की संख्या बढ़कर 19,063 हो गई है। पिछले 24 घंटों में इस वायरस से 37 लोगों ने अपनी जान गंवा दी और इस प्रकार राज्य में कोरोना से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 731 हो गई। मुंबई में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस के 748 नए मामले दर्ज किए गए, जिससे शहर में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 11,967 हो गई। पूरे महाराष्ट्र में 714 पुलिस कर्मचारी भी जांच में पॉजिटिव पाए गए हैं।

• गुजरात : अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया ने आज अहमदाबाद सिविल अस्पताल के चिकित्सकों से मुलाकात करके उन्हें कोविड-19 उपचार प्रोटोकॉल पर परामर्श दिया। इसके अलावा गुजरात में 24 लोगों की मृत्यु के साथ कोविड-19 से जान गंवाने वालों की कुल संख्या बढ़कर 449 हो गई। वहीं कोविड-19 पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 7,403 हो गई, जो देश में महाराष्ट्र के बाद सबसे ज्यादा आंकड़ा है।

• राजस्थान : राजस्थान में कोरोना वायरस के 57 नए मामले सामने आने के साथ कुल पुष्ट मामलों की संख्या 3,636 हो गई। अभी तक कुल संक्रमित लोगों में से 1,916 लोग ठीक हो गए और 101 लोगों की मृत्यु हो चुकी है।

• मध्य प्रदेश : मध्य प्रदेश में आज सुबह 8.00 बजे तक 89 नए मामले सामने आ चुके थे, जिससे कुल मामलों की संख्या बढ़कर 3,341 हो गई। आज तक कुल संक्रमित लोगों में 1,349 लोग उपचार के बाद ठीक हो गए और 200 लोगों की मृत्यु हो गई। लगातार तीन दिनों में मध्य प्रदेश ने नए पॉजिटिव मामलों की तुलना में ज्यादा लोग उपचार के बाद ठीक हुए हैं।

• छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा और कोविड-19 महामारी के चलते पैदा आर्थिक संकट से उबरने के लिए 30,000 करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज की मांग की है। 60 पुष्ट मामलों और किसी की मृत्यु नहीं होने के साथ छत्तीसगढ़ भारत के सबसे कम प्रभावित राज्यों में से एक बना हुआ है।

• केरल : केरल सरकार ने रेड जोन क्षेत्रों से इतर दूसरे राज्यों से वापस आने वाले लोगों के लिए पास जारी करना शुरू कर दिया है। केरल के कई लोग पास नहीं होने के कारण राज्य के सीमावर्ती जिलों की चेक पोस्टों पर फंसे हुए हैं। कोट्टायम जिला प्रशासन ने ऐसे 34 विद्यार्थियों की पहचान के लिए कदम उठाने शुरू कर दिए हैं, जो तमिलनाडु में रेड जोन जिले थिरुवल्लूर से वापस लौटे हैं और क्वारंटाइन से बच रहे हैं। मस्कट, कुवैत और दोहा से तीन अतिरिक्त उड़ानें वंदे भारत मिशन के तहत आज रात कोच्चि पहुंच जाएंगी। कल कोविड-19 का सिर्फ एक मामला दर्ज किया गया, जबकि 10 लोग उपचार के बात ठीक हो गए। अभी 16 मरीजों का ही उपचार चल रहा है।

• तमिलनाडु : राज्य ने शराब की काउंटर बिक्री रोकने के उच्च न्यायालय के आदेश के खिलाफ उच्चतम न्यायालय की शरण ली है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री से विद्युत अधिनियम में संशोधन किए जाने का अनुरोध किया है। वंदे भारत मिशन के अंतर्गत एयर इंडिया की दो उड़ानें दुबई से 359 यात्रियों को लेकर आज सुबह चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंच गईं। 168 यात्रियों को लेकर मलयेशिया से एक अन्य उड़ान आज तिरुचि हवाई अड्डे पर पहुंच जाएगी। कल तक कोविड के कुल मामले : 6009, सक्रिय मामले : 4361, मृत्यु : 40, डिस्चार्ज : 1605। वहीं 1589 मामले अभी तक कोयम्बेडु मार्केट से संबंधित हैं।

• कर्नाटक : आज राज्य में कोविड के 36 नए मामले दर्ज किए गए, जिसमें से बेंगलुरु में 12, उत्तर कन्नड़ में 7, दावणगेरे में 6, चित्रदुर्ग, बीदर और दक्षिण कन्नड में 3-3 और तुमकुर तथा विजयपुरा में 1-1 मामले सामने आए। इस प्रकार कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 789 हो गई। अभी तक 30 लोगों की मृत्यु हो चुकी है और 379 लोग उपचार के बाद ठीक हो गए, जिन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है।

• आंध्र प्रदेश : अवैध शराब और बालू के परिवहन पर रोक लगाने के लिए राज्य ने विशेष प्रवर्तन ब्यूरो की स्थापना की है। इसके अलावा शराब की दुकानों की संख्या 3,500 से घटाकर 2,934 करने का आदेश जारी कर दिया गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान 8,388 नमूनों की जांच के बाद कोविड के 43 नए पॉजिटिव मामले दर्ज किए गए, 45 डिस्चार्ज कर दिया गया और तीन लोगों की मृत्यु हो गई। कुल मामले बढ़कर 1930 हो गए। सक्रिय मामले : 999, स्वस्थ हुए : 887, मृत्यु : 44। पॉजिटिव मामलों में अग्रणी राज्य : कुरनूल (553), गुंटूर (376), कृष्णा (338), अनंतपुर (102)।

• तेलंगाना : आईसीएमआर ने कोविड-19 मरीजों पर प्लाज्मा थैरेपी परीक्षण करने के लिए ईएसआई अस्पताल और गांधी को छह महीने के लिए स्वीकृति दी है। राज्य में बिना मास्क पहने सार्वजनिक स्थलों पर घूमने पर 1,000 रुपये का जुर्माना लगाना शुरू कर दिया गया है। गाचीबोवली में एक निर्माण स्थल पर प्रवासी कामगारों के समूह ने विरोध प्रदर्शन किया, वे अपने मूल निवास स्थान पर भेजे जाने की मांग कर रहे थे। अभी तक कुल पॉजिटिव मामले : 1132; सक्रिय मामले : 376, मृत्यु : 29, डिस्चार्ज : 727.

VARANASI TRAVEL
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: