PoliticsState

10 राज्यों की 13 विधानसभा और 2 लोकसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए प्रचार अभियान थमा

शनिवार को होगा मतदान

दस राज्यों की 13 विधानसभा और दो लोकसभा सीटों के उपचुनाव के लिए प्रचार आज शाम समाप्त हो जायेगा। ज्ञात हो, मतदान से 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार थम जाता हैं। आंध्र प्रदेश में तिरुपति लोकसभा और कर्नाटक में बेलगाम लोकसभा सीटों के साथ ही राजस्थान में तीन, कर्नाटक में दो और गुजरात, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मिजोरम, ओडिशा, तेलंगाना और उत्तराखंड की एक-एक सीट के लिए मतदान शनिवार को होगा। आपको बता दें विधानसभा उपचुनाव की 13 सीटों के लिए कुल 161 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इस बीच, नागालैंड में नोकसेन विधानसभा सीट के लिए एच चुबा चांग निर्विरोध चुन लिए गए हैं।

2 लोकसभा सीटों पर उपचुनाव का गणित

आंध्रप्रदेश की तिरूपति लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कुल 28 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं। तेलुगु देशम पार्टी के उम्‍मीदवार के तौर पर पूर्व केन्‍द्रीय मंत्री पनाबाका लक्ष्‍मी चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं कांग्रेस की ओर से वरिष्ठ नेता चिंता मोहन चुनाव मैदान में हैं। भाजपा के रत्‍नाप्रभा और मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी के नेल्‍लोर यादगिरी भी पूरे जोर-शोर से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, कर्नाटक की बेलगाम लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए भाजपा ने पूर्व केन्‍द्रीय मंत्री सुरेश अंगाडी की पत्नी मंगला आंगडी को चुनाव मैदान में उतारा है। अन्‍य उम्‍मीदवारों में कांग्रेस की ओर से प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सतीश जर्कीहोली मैदान में हैं।

पश्चिम बंगाल में भी पांचवें चरण का चुनाव प्रचार समाप्त

पश्चिम बंगाल में भी विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण के मतदान के लिए प्रचार अभियान कल शाम समाप्त हो गया। इस चरण में राज्य के छह जिलों की 45 विधानसभा सीटों के लिए शनिवार को मतदान होगा। इस चरण में 1 करोड़ 12 लाख से अधिक मतदाता 39 महिलाओं सहित कुल 319 उम्मीदवारों के राजनीतिक भाग्‍य का फैसला करेंगे। मतदान के लिए कुल 15 हजार 789 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। भारतीय जनता पार्टी ने सभी 45 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं जबकि तृणमूल कांग्रेस 42 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। वहीं संयुक्‍त मोर्चा के बैनर तले कांग्रेस, वामदल और उसके सहयोगी इंडियन सेक्‍यूलर फ्रंट चुनाव मैदान में हैं।

मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी 25, कांग्रेस 11, ऑल इंडिया फारवर्ड ब्‍लॉक दो, आरएसपी , भारतीय कम्‍युनिस्‍ट पार्टी तथा एनपीपी एक-एक सीट पर चुनाव लड़ रही हैं। बहुजन समाज पार्टी ने भी 32 सीटों पर उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे हैं। इस चरण में प्रमुख उम्मीदवारों में राज्‍य सरकार में मंत्री गौतम देव, तापस राय, बृत्‍य बसु, सिद्दीकुल्‍ला चौधरी तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। इसके अलावा पूर्व मेयर और भाजपा उम्मीदवार सब्‍यसाची दत्‍ता भी चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस बीच, राज्‍य के चार जिलों की 43 विधानसभा सीटों के लिए 22 अप्रैल को होने वाले चुनाव के लिए प्रचार तेज हो गया है।

VARANASI TRAVEL
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: