Crime

घास लेने गई महिला को बाघ ने मार डाला,शव घने जंगल से मिला

हल्द्वानी । हल्द्वानी से सटी फतेहपुर रेंज में पनियाली निवासी महिला को बाघ ने मार डाला। सुबह से लापता महिला का शव रात को घने जंगल से मिला। घटनास्थल का मुआयना करने और शव को देखने के बाद वन विभाग भी मान रहा है कि हमला गुलदार ने नहीं बल्कि बाघ ने किया है।पनियाली ग्राम पंचायत के मां शक्ति दरबार क्षेत्र निवासी 50 वर्षीय जानकी देवी पत्नी श्याम सिंह सोमवार सुबह साढ़े नौ बजे करीब गांव से सटे जंगल में घास लेने के लिए गई थी। साथ में कुछ अन्य महिलाएं भी थी।

जंगल में घास काटने के दौरान जानकी साथियों से आगे निकल गई। इस बीच बाकी लोग घर को लौट आए। लेकिन काफी देर बाद भी जानकी वापस नहीं आई। वह रामनगर डिवीजन की फतेहपुर रेंज का हिस्सा है। दिसंबर और जनवरी के बीच इस रेंज के जंगल में तीन लोगों की बाघ और गुलदार के हमले में जान जा चुकी है। सूचना मिलने पर वन विभाग, पुलिस और बड़ी संख्या में पनियाली के ग्रामीण भी जानकी की तलाश में जंगल में पहुंच गए।

ढूंढते-ढूंढते आबादी से दो किमी दूर काठगोदाम बीट के कक्ष संख्या तीन व चार के बार्डर क्षेत्र से जानकी का शव मिल गया। बाघ ने जानकी को मौत के घाट उतार दिया था। रेंजर फतेहपुर केएल आर्य ने बताया कि महिला पर बाघ ने ही हमला किया था। जंगल में दो किमी अंदर महिला का शव मिला। रेंज से सटे आबादी वाले इलाके में गश्त बढ़ाने के साथ ग्रामीणों से अपील कर रहे हैं कि जंगल क्षेत्र की तरफ न जाएं।(हि.स.)

VARANASI TRAVEL
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: