National

प्रवासियों को विदा करते समय मन में है तकलीफ, चीता देखने फिर बुलाएंगे : शिवराज

इंदौर : सत्रहवें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन के समापन समारोह को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज भावुक अंदाज में प्रवासी भारतीयों से कहा कि मेहमानों को विदा करते समय उनके मन में तकलीफ हो रही है और अब वे चीते दिखाने के लिए प्रवासी भारतीयों को फरवरी में फिर बुलवाएंगे।श्री चौहान ने प्रवासी भारतीयों के सम्मान एवं समापन समारोह को संबोधित करते हुए ये बात कही। इस समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, गयाना के राष्ट्रपति मोहम्मद इरफान अली, सूरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रिका प्रसाद संतोखी, मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल, नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विदेश मंत्री एस जयशंकर समेत कई अन्य गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय उपस्थित थे।

श्री चौहान ने कहा कि आज दुर्लभ अवसर है। एक ही मंच पर तीन राष्ट्रों के राष्ट्रपति मौजूद हैं। मन भावविभोर है। इंदौर ने सबका ऐसा स्वागत किया जैसे कोई शादी में करता है, लेकिन जब विदाई होती है, तो मन में तकलीफ होती है। इस दौरान उन्होंने प्रवासी भारतीयों से यहीं रुकने का भी आग्रह किया।उन्होंने कहा कि ‘पधारो म्हारे घर’ कार्यक्रम में शामिल प्रवासी भारतीय भावविभोर थे। ऐसा लगा कि मेहमान और मेजबान दोनों परिवार जुड़ गए हैं। इंदौर की जनता ने जी-जान से ये पूरा कार्यक्रम किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंदौर को स्वच्छता और स्वाद की राजधानी बताया, लेकिन उन्हें लगता है कि इंदौर जनभागीदारी की भी राजधानी है।

मध्यप्रदेश के संदर्भ में उन्होंने कहा कि प्रदेश की विकास दर भारत में सबसे ज्यादा 19.76 फीसदी है। भारत की जीडीपी में योगदान 4.3 फीसदी है। उन्होंने इसी क्रम में प्रवासी भारतीयों से प्रदेश में निवेश करने का भी अनुरोध किया। उन्होंने ‘फ्रेंड्स ऑफ एमपी’ पोर्टल का भी संदर्भ दिया।प्रवासी भारतीयों से प्रदेश घूमने का अनुरोध करते हुए उन्होंने कहा कि वे चीता देखने सभी को फरवरी में बुलाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी मेहमान इंदौर की यादों, मध्यप्रदेश की पावन स्मृतियों और हृदय में प्रेम को लेकर विदा लें।तीन दिवसीय इस सम्मेलन की शुरुआत रविवार को हुई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल इसका औपचारिक उद्घाटन किया। आज राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू के संबोधन के साथ ही इस सम्मेलन का समापन हो गया। आज के समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले प्रवासी भारतीयों को राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू ने सम्मानित भी किया।

प्रवासी भारतीय सम्मेलन की स्मृतियां ताजा रखेगा नमो ग्लोबल गार्डन : शिवराज

(वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि ‘नमो ग्लोबल गार्डन’ प्रवासी भारतीय सम्मेलन की स्मृतियां ताजा रखेगा।श्री चौहान ने इस गार्डन में प्रवासी भारतीयों के साथ पौधरोपण करने के बाद कहा कि इस गार्डन में लगाए गए हर एक पौधे पर क्यूआर कोड लगाया गया है। यह कोड पौधरोपण करने वाले सभी प्रवासी भारतीयों को भी दिया गया है। इसे स्कैन कर प्रवासी भारतीय अपने पौधे की निरंतर स्थिति जान पाएंगे।उन्होंने कहा कि पुष्पिताः फलवन्तश्च तर्पयन्तीह मानवान् । वृक्षदं पुत्रवत् वृक्षास्तारयन्ति परत्र च ॥ पेड़-पौधे ही धरती को समृद्ध और मनुष्य के जीवन को सानंद बनाते हैं। मध्यप्रदेश ने प्रवासी लोगों को पेड़ बंधन से बांध लिया है, जो अटूट है। ये गार्डन प्रवासी भारतीय सम्मेलन की स्मृतियों की सदैव याद दिलाता रहेगा। उनके द्वारा लगाए गए इन पौधों के माध्यम से वह सदैव न सिर्फ हमसे जुड़े रहेंगे, बल्कि मध्यप्रदेश की प्रगति और विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी उनका नाता हमसे बना रहेगा।

VARANASI TRAVEL
SHREYAN FIRE TRAINING INSTITUTE VARANASI

Related Articles

Back to top button
%d bloggers like this: